
Rampur baghalan recorded highest voter turnout of 76.25 percent
सतना. जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे के बाद तक वोटिंग हुई। इस बार 72.88 फीसदी मतदान हुआ, जो 2013 के 69.73 फीसदी मतदान से 3.15 फीसदी ज्यादा रहा। जिले में 1978 पोलिंग बूथ के माध्यम से 11.16 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शुरुआती चरण में लोगों का रुझान सामान्य की अपेक्षा कम रहा। पर, शाम होते-होते स्थिति में बदलाव आयाा। पांच बजे के बाद भी ११३ केंद्रों में मतदान चलता रहा। लिहाजा, सही आंकड़े का समायोजन नहीं हो सका। सुबह के दो घंटे की बात करें तो करीब 12.33 फीसदी औसत के साथ मतदान हुआ। चित्रकूट में 70.68, रैगांव में 74, सतना में 66.01, नागौद में 74.33, मैहर में 76.03, अमरपाटन में 72.69 और रामपुर बाघेलान में 76.24 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
कई केंद्रों की इवीएम हुई खराब
मतदान शुरू होते ही कई केंद्रों की इवीएम खराब हो गईं। सतना, रामपुर नागौद सहित 7 विस क्षेत्र से सूचना आती रहीं। शुरुआती चरण में मतदानकर्मी इवीएम सुधारने व बदलने में व्यस्त रहे। उसके बाद हालात में सुधार हुआ। दोपहर बाद मतदान ने गति पकड़ा। केंद्रों में मतदाताओं की भीड़ आते दिखी। इस दौरान छिटपुट घटनाएं भी हुईं। सबसे विकट स्थिति चित्रकूट विधानसभा के बल्हा गांव में हुई। चुनाव का बहिष्कार कर रहे ग्रामीणों ने तहसीलदार को बंधक बना लिया। गांववाले तहसीलदार की कार्यप्रणाली से नाराज चल रहे थे। पुलिस-प्रशासन के साथ झूमाझटकी हुई। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद तहसीलदार को छुड़ाया जा सका। ग्रामीणों ने एक सादे कागज पर अधिकारियों के हस्ताक्षर कराए हैं कि पोलिंग निरस्त की जाए। इसकी वैधानिकता पर सवाल है।
इन विधानसभा में चुनाव का बहिष्कार भी हुआ
मैहर विधानसभा के बेल्दरा, टिसकली, मडई गांव में चुनाव बहिष्कार की बात सामने आई। रैगांव विस में खम्हरिया और चित्रकूटमें बल्हा व रइया गांव में चुनाव बहिष्कार की बातें सामनें आई हैं। सुबह कई केंद्रों पर मॉक पोल के दौरान सीआरसी नहीं हुई। लिहाजा, वोटों की गिनती 51 से से शुरू होगी। इसमें सतना के 243, अमरपाटन में 132, मैहर में 281, रामपुर में 57 रैगांव में 109 नंबर केंद्र हैं।
जिले में देर तक हुआ मतदान
शाम को पोलिंग में तेजी आई। हर विस क्षेत्र में देर तक वोटिंग हुई। मैहर में 26, चित्रकूट में 7, रामपुर बाघेलान में 8, अमरपाटन में 18, नागौद में 20, सतना में 26 और रैगांव में 8 बूथ पर 5 बजे के बाद वोटिंग हुई।
मतदान अधिकारी को कुत्तों ने काटा
सतना विस के डिलौरा पोलिंग के मतदान अधिकारी शिवेंद्र सिंह को कुत्तों ने काट लिया। वे मतदान शुरू होने के पहले पोलिंग के बाहर टहल रहे थे। तभी कुत्तों के एक झुंड ने हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे अन्य कर्मचारियों ने कुत्तों के झुंड को भगाया। सेक्टर अधिकारी ने जानकारी सेक्टर में तैनात डॉ अरुण नायक को दी। उसके बाद घायल अधिकारी का उपचार शुरू हुआ। मौके पर एंटी रैबीज इंजेक्शन मौजूद नहीं था। जानकारी होने पर सीएस डॉ एसबी सिंह ने मौके पर एंटी रैबीज इंजेक्शन पहुंचवाया।
शहर के कद्दावर नेता बोले
भाजपा के जिला अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि हम जिले की सातों सीट पर कब्जा का दावा कर रहे हैं। दो सीट पर कांटे की टक्कर है। फिर भी हम मानकर चल रहे हैं कि कम से कम पांच सीट हम जीतेंगे। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मकसूद अहमद ने कहा कि मतदाता ने भाजपा को नकारा है। लिहाजा सातों सीटों पर भाजपा नहीं आ सकती है। इसका फायदा कांगे्रस के पक्ष में है। 7 सीटों पर कब्जा जमाएंगे। बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश चौधरी ने बताया कि बसपा का हर सीट पर मजबूत प्रत्याशी है। इसके बल पर सातों सीटों पर मजबूत प्रदर्शन करेंगे। 5 सीट से कम आने की बात ही नहीं की जा सकती है। सपा के जिला अध्यक्ष राजेश दुबे ने कहा कि जिले की हर सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं। हर समीकरण के आधार पर मजबूत हैं। हमारे प्रत्याशी जीतकर आ रहे हैं। जिले की सात में से कम से कम तीन सीट सपा जीतेगी।
Published on:
28 Nov 2018 11:31 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
