
Satna Nagar Nigam Ward No. 30 news in hindi
सतना। नगर निगम ने वार्ड क्रमांक-30 के अंतर्गत महदेवा के कांजी हाउस में गोमूत्र से गोनाइल बनाने का निर्णय लिया था। यह कवायद स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान शुरू की गई थी। ताकि गोनाइल का उपयोग निगम साफ-सफाई में कर सके। लेकिन, चंद दिनों के आभा मंडल के बाद अब निगरानी के अभाव में कांजी हाउस संचालित हो रहा है। यहां न तो निगम का कोई स्टॉफ है और न ही गोनाइल बनाने का काम चल रहा। ओडीएफ शहर के इसी वार्ड में शौचालय को लेकर बेहद ही कड़वा सच सामने आया है।
पार्षद गीता कोल के घर में ही शौचालय नहीं बना है। परिवार के लोग लोटा लेकर बाहर खुले में शौच को जाते हैं। अन्य हितग्राहियों के यहां योजना के तहत जिन शौचालयों का निर्माण हुआ है वे भी गुणवत्ताहीन होने के कारण धंस रहे हैं। जब वार्ड पार्षद के यहां शौचालय का निर्माण निगम प्रशासन नहीं करवा सका तो अन्य जगहों के क्या हालात होंगे, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
सीवर की ठेका कंपनी भाठ गई नाली
महादेवा क्षेत्र में सीवर योजना की लाइन बिछा रही संविदा नाली को भाठ कर चली गई है। घरों का गंदा पानी अब सड़क पर भर रहा है। दर्जनों शिकायत के बाद आखिरकर बीती सुबह नगर निगम की जेसीबी नाली को खोदने पहुंची। उससे फिर मिट्टी को निकाला गया। के लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला।
बरसात में निकलना मुश्किल
क्षेत्र का प्रमुख मार्ग आज भी कच्चा है। हर बरसात में यहां से निकलने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई मर्तबा पत्राचार करने के बाद भी निगम द्वारा पक्की सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। इस बार भी मुसीबत कम नहीं होगी।
वोट के लिए विकास की बात
खुदाई के बाद हालात और भी खराब हो चुके हैं। स्थानीय रहवासियों के मुताबिक, यह वार्ड आज भी पिछड़ेपन का शिकार है। न तो व्यवस्थित नालियों का निर्माण कार्य हो सका, न ही सड़कों का। जब भी चुनाव करीब आता है वोट के लिए विकास की बात कही जाती है।
हकीकत
- क्षेत्र महादेवा
- वार्ड नाम डॉ. राममनोहर लोहिया
- जनसंख्या 5947
- अजा जनसंख्या 1288
- अजजा जनसंख्या 792
- मतदाता 2611
- पुरुष 1385
- महिला 1225
हर गली में गंदगी है। इसे उठाने सफाईकर्मी नहीं आते हंै। पार्षद की कोई सुनता नहीं है। सड़क वर्षों से बनी नहीं है। पेयजल की सुविधा भी नहीं है। कुल मिलकर समस्याओं वाला वार्ड है।
दिलीप कुमार पाण्डेय
वार्ड में सफाईकर्मी नहीं आते हैं। इस कारण गंदगी बढ़ गई है। हमारी समस्याओं से पार्षद निगम को अवगत कराती हैं पर उनकी कोई सुनता नहीं। वार्ड में सुलभ कॉम्प्लेक्स की व्यवस्था होनी चाहिए।
सुमित कोल
बीते कई वर्षों से वार्ड के प्रवेश द्वार में सड़क नहीं है। इस कारण काफी दिक्कत होती है। बरसात के दिनों में घर में पानी भरता है। हर बार जनप्रतिनिधि आते हैं। समस्या का हल नहीं हो रहा है।
नीता देवी
निचली बस्ती में सफाईकर्मी जाते नहीं हैं। इस कारण गंदगी कई दिनों तक पड़ी रहती है। सुलभ शौचालयों की संख्या कम है। पानी की समस्या भी बनी रहती है।
लच्छू बाई
वार्ड में एक भी पार्क नहीं होने से बच्चों को खेलने के लिए स्थान ही नहीं बचा है। कई बार सरकारी जमीन में पार्क के लिए कहा पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। वार्ड में पौधरोपण होना अति आवश्यक है।
अशोक पाण्डेय
सड़क, पानी, लाइट न होने से सभी परेशान हंै। २५ साल से वार्ड के लोग सड़क समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार विधायक भी आ चुके हैं, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।
रवि करण
मूलभूत समस्याओं का हल नहीं हुआ है। वार्ड की पार्षद वृद्ध होने के कारण काम नहीं होते हंै। वार्ड में नालियां तक नहीं बनी हंै। सफाई भी नहीं होती है।
गीता देवी
हमारे वार्ड में समस्याओं का अंबार है। जब नगर निगम हमारे ही घर में शौचालय नहीं बनवा पाया तो वार्ड के लोगों की बात क्या बताएं? जो बनवाए गए वे भी गुणवत्ताहीन थे। इसके कारण कई धंस भी गए। सीवर योजना की ठेका कंपनी खुदाई कर नाली को मिट्टी से भरकर चली गई।
गीता कोल, पार्षद
Published on:
10 Jun 2018, 4:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.