
Unemployed, workers, farmers' conference 'yes', hearty' no '
सतना। हार्दिक पटेल को 'ना' करते हुए जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए अनुमति जारी कर दी है। अब आठ जून को बेरोजगार, मजदूर, किसान सम्मेलन बीटीआई ग्राउंड में होगा बशर्ते हार्दिक पटेल भाग नहीं लेंगे। ना ही सभा को संबोधित करेंगे। दरअसल, सतना के बीटीआई ग्राउंड में बेरोजगार, मजदूर, किसान सम्मेलन आठ जून को तय किया गया है। आयोजन अखिल भारतीय ज्योतिबा फुले समता परिषद के तत्वावधान में हो रहा है।
मुख्य वक्ता के रूप में पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन से एक सप्ताह पूर्व ही अनुमति मांगी गई थी। लेकिन, सतना पुलिस ने पेंच फंसा दी थी। एसपी ने किसान आंदोलन की आड़ में एनओसी देने से मना कर दिया था। लिहाजा, जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया। सोमवार को एक प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर से मिला। इसके बाद प्रशासन ने आयोजकों से लिखित पत्र लिया कि हार्दिक पटेल कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे। उसके बाद अनुमति जारी कर दी गई।
14 शर्त के साथ सात घंटे की अनुमति
अनुमति पत्र में प्रशासन ने 14 शर्तें रखी हैं। जिसे सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक अनुमति दी गई है। इस तरह कुल 8 घंटे की अनुमति मिली है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद रहने की बात की जा रही है।
टकराव की स्थिति
अखिल भारतीय ज्योतिबा फुले समता परिषद् के प्रदेश संयोजक सिद्धार्थ कुशवाहा का कहना है कि हार्दिक पटेल सतना आएंगे और कार्यक्रम में भाग लेते हुए सभा को संबोधित करेंगे। वहीं प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को अनुमति दी गई है। हार्दिक को अनुमति नहीं दी गई है।
सुरक्षा की दृष्टि से आयोजकों से लिखित लिया गया है कि हार्दिक पटेल कार्यक्रम को संबोधित नहीं करेंगे। उसके बाद कार्यक्रम को सशर्त अनुमति जारी की गई है।
बलवीर रमण, एसडीएम, सतना
Updated on:
7 Jun 2018, 12:35 PM IST
Published on:
7 Jun 2018, 12:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.