
खण्डार तलावड़ा में प्रजापत समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में परिणय सूत्र में बंधते हुए नवदम्पती।
सवाईमाधोपुर. जाट समाज के तत्वावधान में कुण्डेरा में रविवार को जाट समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित हुआ। आयोजन से जुड़े हरिमोहन जाट ने बताया कि सम्मेलन में 32 जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर एक दूसरे का हाथ थामा। सम्मेलन समिति की ओर से नव जोड़ों को सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान आदि उपहार स्वरूप दिए गए। इससे पहले दोपहर को निकासी का आयोजन किया गया। इसमें बराती फिल्मी गानों पर जमकर थिरके। कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि सम्मेलन से मेल-मिलाप व सामाजिक एकता को बल मिलता है।
बैरवा समाज का विवाह सम्मेलन
सवाईमाधोपुर. रवांजना चौड़ के नौमण्या गांव में शनिवार को बैरवा समाज का 5वां सामूहिक विवाह सम्मेलन हुआ। इसमें सवाईमाधोपुर के अतिरिक्त कोटा, रामगंजमण्डी आदि कई इलाकों के 62 जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर एक दूसरे के हमसफर बने। समिति के महेन्द्र कुमार बैरवा ने बताया कि मुख्य अतिथि खण्डार विधायक अशोक बैरवा ने समाजबंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से जहां एक ओर फिजूल खर्च पर रोक लगती है। वहीं दूसरी ओर सामाजिकता की भावना को बल मिलता है।
42 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
खण्डार. ग्राम पंचायत तलावड़ा में दक्ष प्रजापति सेवा संस्थान की ओर से पहली बार नि:शुल्क प्रजापति समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन हुआ। इसमें 42 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। मुख्य अतिथि विधायक अशोक बैरवा, विशिष्ट अतिथि पंचायत समिति प्रधान मनोरमा शुक्ला, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चतरसिंह राजावत, तलावड़ा सरपंच ममता देवी, कांग्रेस युवा महासचिव पिन्टू सिंह गुर्जर, पूर्व सरपंच दिलीप गर्ग आदि थे। सम्मेलन समिति अध्यक्ष जगदीश प्रजापति ने बताया कि समाज के भामाशाहों के माध्यम से तहसील में पहली बार नि:शुल्क सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन समिति अध्यक्ष ने बताया कि प्रजापति समाज के सम्मेलन में तलावड़ा गांव के गुर्जर समाज का पूरा सहयोग रहा। इस मौके पर आचार्य रमेश चंद तेहरिया ने पाणिग्रहण संस्कार करवाया। इस मौके पर महेश प्रजापत, रामदयाल प्रजापत, राजकुमार प्रजापत, भरत प्रजापत, रामसनेही सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।
Published on:
13 May 2019 02:25 pm
