
चौथ माता का लक्खी मेला
चौथ का बरवाड़ा. कस्बे में स्थित चौथ माता का लक्खी मेला 22 जनवरी से 28 जनवरी तक लगेगा। मेले के मुख्य आयोजनकर्ता ग्राम पंचायत की ओर से मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पूर्व में पंचायत की विशेष बैठकों में प्याऊ, टेंट, वाहन पार्किंग आदि व्यवस्थाओं के टेंडर जारी कर ठेकेदारों को व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के साथ गुरुवार को मेला मैदान का सफाई कार्य भी शुरू करवा दिया गया है। इस दौरान सचिव विजेन्द्र सिंह ने बताया कि 22 जनवरी से चौथ माता के लक्खी मेला का आगाज होने वाला है। इसको लेकर ग्राम पंचायत मेले की तैयारियों में जुटी हुई है। मेला मैदान की सफाई कर दुकानदारों को जगह आंवटित की जाएगी। इसके साथ ही मेले में रोशनी व्यवस्था को लेकर शनिवार को पंचायत की विशेष बैठक होगी। इसमें मेले पर रोशनी व्यवस्था को लेकर चर्चा कर टेंडर जारी किया जाएगा।
तैयारी शुरू
22 जनवरी को चौथ माता का लक्खी मेले का आयोजन होगा। इसको लेकर मेले में लगने वाले झूले चकरी आदि मनोरंजन के साधन मेले मैदान में पहुंचने लगे हंै। ऐसे में मेला मैदान की रौनक बढऩे लगी है।
Published on:
04 Jan 2019 11:27 am
