
सवाईमाधोपुर में जिला अस्पताल के पास ईदगाह के पीछे रंगरेज समाज के विवाह सम्मेलन में उपस्थित दूल्हन व अन्य।
सवाईमाधोपुर. सामान्य चिकित्सालय के पास ईदगाह के पीछे रविवार को रंगरेज वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में विवाह सम्मेलन हुआ। इसमें निकाह कबूल कर 28 जोड़े हमसफर बने। विवाह सम्मेलन में गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान आदि शहरों से लोग पहुंचे।
विवाह सम्मेलन में मुख्य अतिथि विधायक दानिश अबरार ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन फिजूल खर्ची को रोकने का अच्छा कार्य है। ऐसे आयोजन से समाज में एकजुटता की भावना बनती है। इस अवसर पर विधायक ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधायक हाजी क्यूम मसूदा ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज के लिए बेहतर है। इससे आपसी मेल-मिलाप के साथ सभी का सहयोग मिलता है। इससे पहले सुबह से ही आयोजन स्थल पर रौनक नजर आई। परिजनों के साथ दूल्हा-दूल्हन आयोजन स्थल पहुंचे। दोपहर बाद बेटियों की विदाई का सिलसिला शुरू हुआ। कमेटी की ओर से बेटियों को फ्रीज, कूलर, टीवी, वाशिंग मशीन, बर्तन, आलमारी सहित गृहस्थी के लिए आवश्यक वस्तुएं भेंट की। सम्मेलन में दूल्हा-दुल्हन पक्ष के लिए अलग-अलग पाण्डाल की व्यवस्था की गई। दुल्हनों को समाज के साथ शहरवासियों ने भी उपहार दिए। इस दौरान काजी निशारूउल्लाह एवं काजी इरफान उल्लाह ने दूल्हा-दूल्हन को निकाल कुबुल करवाया। दूल्हा-दूल्हन ने निगाह कुबूल किया तो लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में करीब 7 हजार लोगों ने दावत का लुत्फ उठाया। इस अवसर पर रंगरेज सोसायटी अध्यक्ष मोहम्मद सलीम रंगरेज, हाजी अंसार अहमद, मुख्तियार अहमद, अनीश, अब्दूल आदि मौजूद थे।
Updated on:
01 Apr 2019 11:59 am
Published on:
01 Apr 2019 11:59 am
