
घुड़ासी मोड जटवाड़ा खुर्द में आयोजित सम्मेलन समारोह को संबोधित करती विधायक दीयाकुमारी।
सवाईमाधोपुर. मंगल गीत गाती महिलाएं, बैण्ड-बाजों की धुन पर थिरकते युवा व आशीष देने को आतुर परिजन और रिश्तेदार। यह नजारा रविवार को घुड़ासी मोड जटवाड़ा खुर्द में सैनी (माली) समाज के प्रथम आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन में देखने को मिला। जहां सामूहिक विवाह सम्मेलन में 39 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। आयोजन के तहत विवाह स्थल पर परंपरानुसार बारात पहुंची। आयोजकों की ओर से बारात का स्वागत किया गया। इसके बाद तोरण सहित विवाह की सभी रस्में निभाई गईं। वर-वधुओं ने अग्नि को साक्षी मानकार एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
इस दौरान समाज के पदाधिकारियों के साथ आयोजन समिति पदाधिकारियों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया। इसके बाद समाज व आयोजन समिति की ओर से नवविवाहित जोड़ों को उपहार प्रदान किए। इस दौरान सामूहिक भोज भी हुआ। इससे पहले जटवाड़ा खुद में आयोजित कार्यक्रम में विधायक दीयाकुमारी, वैभव गहलोत, अशोक बैरवा, कमलेश बारवाल, मुकेश सैनी, पार्षद हंसराज आदि कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद थे।
सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने सैनी (माली) समाज प्रथम आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति की ओर से विवाह सम्मेलन कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर शनिवार रात जटवाड़ा खुर्द में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान नवविवाहित जोड़ो को आशीर्वाद दिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से दहेज पर रोक लगाई जा सकती है। विवाह पर होने वाले खर्च को कम किया जा सकता है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश जैन, यूआईटी चेयरमैन जगदीश अग्रवाल, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण धाकड़ आदि मौजूद थे।
धूमधाम से निकाली बिन्दौरी
सम्मेलन में गाजे-बाजे के साथ बिन्दौरी निकाली गई। बिन्दौरी जिस मार्ग से गुजरी लोग बारातियों, दूल्हा व दुल्हनों को निहारते रह गए। बिन्दौरी के विवाह स्थल पहुंचने पर तोरण व अन्य रस्में निभाई गईं।
प्रजापति समाज 31 जोड़ों का विवाह
सवाईमाधोपुर ञ्च पत्रिका. प्रजापति समाज विकास संस्थान के तत्वावधान में रविवार को आवासन मण्डल स्थित स्काउट मैदान में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसमें 31 जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर एक दूसरे के हमसफर बने। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद सुखबीरसिंह जौनापुरिया थे। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान समाज बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि विवाह सम्मेलनों से फिजूल खर्ची पर अंकुश लगता है और सामाजिकता को बढ़ावा मिलता है। इस दौरान वर वधु के परिजनों के अतिरिक्त भारी संख्या में समाज बंधु मौजूद थे।
निकासी में थिरके बाराती : इससे पूर्व दोपहर में वर वधु की निकासी निकाली गई। निकासी स्काउट मैदान से शुरू होकर आलनपुर, भैरव दरवाजा, शहर आदि विभिन्न मार्गों से होकर वापस स्काउट मैदान पहुंचकर सम्पन्न हुई। बराती फिल्मी व राजस्थानी गानों पर झूमते नजर आए।
ये दिए उपहार : सम्मेलन के दौरान सम्मेलन समिति की ओर से नव विवाहितों को पलंग, घड़ी, अलमारी, रजाई गद्दे आदि घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिए गए।
इन जिलों के थे जोड़े : सम्मेलन में सवाईमाधोपुर के अतिरिक्त टोंक, दौसा, करौली, श्योपुर, कोटा , बूंदी आदि कई जिलों के जोड़ों ने सात फेरे लिए।
Published on:
26 Mar 2018 04:42 pm
