
बाटोदा कस्बे के में आयोजित तेजाजी गीत दंगल में नृत्य के साथ प्रस्तुति देती गायक पार्टियां।
बाटोदा. यहां प्रजापति मोहल्ले में आयोजित दो दिवसीय तेजाजी गीत दंगल में श्रोताओं की भीड़ रही। दंगल में बिच्छुदोना, बैराड़ा व ओलवाड़ा की गायक पार्टियों ने साज बाज के साथ तेजाजी के गीतों की प्रस्तुति दी। इस पर श्रोताओं ने खूब नृत्य किया। दंगल समिति के कार्यकर्ता वैद्य रामकिशन प्रजापत ने बताया कि समस्त समाज के सहयोग से आयोजित इस दंगल का शुभारंभ तेजाजी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। सरपंच मोनिका मीना सहित कस्बे के प्रमुख लोगों ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर तेजाजी गीतों का आनंद लिया।
हवन के साथ भंडारा 24 को
पीपलवाडा. ग्राम पंचायत पीपलवाड़ा में दंड वाले स्थान पर शुक्रवार को हवन कुंड आयोजन के साथ विशाल भंडारा लगेगा। भगत सुवालाल मीणा, हंसराज गुर्जर ने बताया कि वहां गुरुवार सुबह 9बजे रामायण पाठ, शुक्रवार को रामायण पाठ समापन के बाद हवन कुंड में पूर्णाहुति होगी। इसके बाद विशाल भंडारे में 2बजे से प्रसादी वितरण होगा। रात्रि को जागरण किया जाएगा।
यात्रियों का स्वागत आज
सवाईमाधोपुर. कोटा से सम्मेदशिखर जाने वाले जैन तीर्थ यात्रियों का बुधवार को अग्रवाल समाज की ओर से सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया जाएगा।
अग्रवाल समाज के जिलाध्यक्ष हेमन्त गर्ग ने बताया कि सकल दिगम्बर जैन समाज की यह यात्रा विश्व शांति के लिए जा रही है। आसनसोल-पाŸवनाथ ट्रेन पर सुबह यात्रियों का स्वागत किया जाएगा।
बैठक कल
सवाईमाधोपुर. उपभोक्ता संरक्षण परिषद, सार्वजनिक वितरण प्रणाली केे लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक जिला कलक्टर पी.सी. पवन की अध्यक्षता में गुरुवार अपराह्न साढ़े 3 बजे कलक्ट्रेट सभागार में होगी। यह जानकारी जिला रसद अधिकारी ने दी।
दिलाई स्वच्छता की शपथ भगवतगढ़. जिले की चिह्नित ग्राम पंचायतों में चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण अभियान रथ ने मंगलवार को नींदड़दा ग्राम पंचायत के बनोटा, श्यामोता एवं नींदड़दा गांवों का भ्रमण किया। डीआरजी रामलाल मीना एवं रामभरोसी गुर्जर ने बताया कि इस दौरान ग्रामीणों एवं स्कूली छात्रों को स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण अभियान की जानकारी दी गई। उन्हें स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। डीआरजी ने बताया कि गांवों में रथ के भ्रमण के दौरान नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों को शौचालय का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान जन प्रतिनिधियों, सरकारी कार्मिकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अन्य लोगों को भी स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण अभियान की जानकारी दी।
Published on:
22 Aug 2018 10:21 am
