
खिरनी . कस्बा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय भवन के पीछे का ताला तोड़ दिया गया। गनीमत रही कि कोई अनहोनी नहीं हुई।
प्रधानाध्यापिका प्रेमलता शर्मा ने बताया कि विद्यालय शुरू होने से पहले ही दिन गेट के नया ताला लगवाया था, लेकिन चारदीवारी की ऊंचाई कम होने से समाजकंटक अंदर घुस जाते हैं।
इससे पहले भी शौचालय की टोटियां, वाश बेसिन, नलों की फिटिंग उखाड़ दी थी। स्कूल समय के बाद रात में शराबी यहां आकर मदिरा का सेवन करते हैं। खाली शराब की बोतलें सुबह विद्यालय प्रशासन को फेंकनी पड़ती हैं। इसके अलावा दीवार पर अपशब्द लिख कर चले जाते हैं। ताला टूटने की सूचना पर पहुंचे खिरनी चौकी प्रभारी जबरसिंह सहित जनप्रतिनिधियों को घटना से अवगत कराया गया। संस्था प्रधान ने खिरनी चौकी में परिवाद दिया, जिस पर चौकी प्रभारी ने बताया कि यहां गश्त देकर शरारती तत्वों को पकड़ कर उन पर जल्द कार्रवाई करेंगे।
ट्रायल आज से
सवाईमाधोपुर. जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में होने वाली अंडर 23 प्रतियोगिता के लिए टीम चयन के लिए शनिवार से इंदिरा मैदान में दो दिवसीय चयन ट्रायल शिविर लगेगा। संघ के सचिव डॉ. सुमित गर्ग ने बताया कि शिविर दो पारियों में लगेगा। सुबह सात से ग्यारह व दोपहर को शिविर का समय दो से सात बजे तक रहेगा। चयन के लिए बालकृष्ण उपाध्याय, अविनाश शुक्ला व बबलू चौधरी को चयनकर्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ट्रायल के दौरान खिलाडिय़ों को आरसीए पंजीयन प्रमाण पत्र,स्वयं व माता पिता का आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र व मूल निवास प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य है। चयनकर्ताओं को 10 जुलाई तक टीम की सूची सौंपेंगे।
मनचले युवकों पर यातायात पुलिस की सख्ती
सवाईमाधोपुर. कोचिंग सेंटर के आस-पास तेज गति में वाहन चलाने वालों पर अब यातायात पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस अधीक्षक मामन सिंह ने निर्देशन में शुक्रवार को यातायात पुलिस ने बिना हैलमेट तेज गति में दुपहिया वाहन चलाने व नियमों का उल्लंघन करने पर 62 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। सिविल लाइन हम्मीर सर्किल, खैरदा आदि कई स्थानों पर पुलिस ने कार्रवाई की। यातायात पुलिस सहायक उपनिरीक्षक गिर्राज शर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 14 दुपहिया वाहन जप्त किए गए। 12 वाहनों का क्षमता से अधिक सवारी ले जाने के लिए, ग्यारह वाहनों को नो पार्किं ग, व काली फिल्म चढ़ाकर चलने के लिए चालान काटा गया।
Published on:
07 Jul 2018 11:28 am
