
Burari Case
जयपुर। देश के राजधानी दिल्ली के बुराड़ी में एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत के मामले ने हर किसी काे हिला दिया। रविवार को 11 लोगों के संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए जाने का यह मामला बेहद पेचीदा होता जा रहा है।
राजस्थान का रहने वाला है परिवार
पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों ही एंगल से जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर बताया है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है।
क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार ने साफ किया कि अभी से किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। मृतक परिवार मूलत: राजस्थान के चित्तौडग़ढ़ जिले के सावा का रहने वाला है।
सावा में शोक की लहर
दिल्ली में चुण्डावत उर्फ भाटिया परिवार के 11 सदस्यों के शव फंदे पर लटके मिलने की खबर मिलते ही रविवार को सावा में शोक की लहर छा गई। यहां हर कोई घटना के बारे में जानकारी लेते दिखाई दिया।
पूर्व विधायक सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस बारे में उनसे जानकारी ली है। जाड़ावत ने भी दिनेशसिंह से बातचीत कर जानकारी ली।
इधर सांसद सीपी जोशी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के साथ ही कहा कि इस बारे में वे केन्द्रीय गृहमंत्री से बात कर घटना की सत्यता उजागर करने की मांग करेंगे। जोशी ने कहा कि पुलिस जांच के बाद ही यह खुलासा हो पाएगा कि परिवार के सदस्यों ने सामूहिक आत्महत्या की है या फिर उनकी हत्या की गई है।
राजस्थान में भी हाे चुकी है बुराड़ी जैसी घटना
राजस्थान के सवाई माधोपुर में जिले में 2013 में एक परिवार के 8 लाेगाें ने भगवान शिव से मिलने की इच्छा में पूजा-पाठ के बाद जहर मिला लड्डू बना खा लिया था, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी।
इतना ही नहीं इस घटना का वीडियो भी बनाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद हर कोई सन्न रह गया था। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि क्या कोई परिवार भगवान से मिलने के लिए ऐसा कदम उठा सकता है।
Updated on:
03 Jul 2018 08:05 pm
Published on:
03 Jul 2018 07:49 pm
