
खरीदारों से गुलजार हो रहा बाजार
गंगापुरसिटी . दीपावली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है। बाजारों में रौनक बढ़ती जा रही है। गिफ्ट सेन्टर्स, रेडीमेड कपड़े, लाइट एवं सजावटी सामान की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है।
शहरवासी घरों की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन का कार्य निपटाने के बाद सजावट के काम आने वाले सामानों की खरीदी में जुट गए है। बाजारों में ग्राहकों की मांग के हिसाब से सभी तरह का सजावटी सामान उपलब्ध है। बाजार में दर्जनों डिजाइनों मेें रंगोली, दरवाजों की सजावट के लिए तोरण, आम की पत्तियों के आकर की बेल, भांति-भांति की मालाएं, लक्ष्मीजी के पद चिह्न, दीवारों की सजावट के लिए रंग बिरंगी तितलियां एवं पोस्टर विभिन्न रंग एवं डिजाइन्स में उपलब्ध है। बाजार में आकर्षक रंग और डिजाइन्स में फ्लावर पॉट उपलब्ध हैं, जिन्हें ग्राहक खूब पसंद कर रहे हैं। दुकानों पर सजी हुई मल्टी कलर लाइटें ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।
शहर में कचहरी रोड, कोतवाली के सामने, सुभाष बाजार, देवी स्टोर, इंद्रा बाजार, खारी बाजार एवं चौपड़ बाजार आदि स्थानों पर दुकानें सज गई हैं। साथ ही ठेले व फुटपाथ पर सामान बेचने वालों ने भी डेरा जमा लिया है। महिलाएं सोफा कवर, कु शन कवर एवं बेड शीट की खरीदारी में रुचि दिखा रही हैं तो युवा पोस्टर खरीदने को तरजीह दे रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि ग्रामीण अंचल से आने वाले ग्राहक अभी बुवाई आदि कार्यों में लगे हुए हैं। उनके आने के बाद ग्राहकी अभी और परवान चढऩे की उम्मीद है।
वाट्सअप में खो गए ग्रिटिंग कार्ड
त्योहार और खुशी के किसी खास मौका आने पर लोग अपने चहेते लोगों को ग्रिटिंग कार्ड भेज कर शुभकामनाएं प्रदान करते थे, लेकिन सोशल मीडिया के इस दौर में ग्रिटिंग कार्ड वाट्सअप और फेसबुक में कहीं खो गए है। इसी का नतीजा है कि आजकल शहर में ग्रिटिंग कार्ड की चंद दुकानें ही नजर आती है। लोग अपने चाहने वालों को वाट्सअप और फेसबुक के माध्यम से शुभकामना संदेश भेजने लगे हैं।
त्योहार के कई दिन पहले से ही बधाई संदेश का दौर शुरू हो जाता है जो कई दिनों तक चलता रहता है। किसी को निजी तौर पर बधाई संदेश भेजना है तो वह वाट्सअप नम्बर पर भेजते है। एक से अधिक लोगों को बधाई संदेश पहुंचाना हो तो लोग वाट्सअप ग्रुप पर मैसेज सैंड करते है। इसी का असर है कि शहर में कुछ ही दुकानों पर ग्रिटिंग कार्ड मिल पाते हैं। ग्रिटिंग कार्ड पर महंगाई का असर भी है। ५० रुपए से कम का ग्रिटिंग कार्ड उपलब्ध नहीं है।
मांग कम है
गिफ्ट विक्रेता योगेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि आजकल ग्रिटिंग कार्ड की मांग कम है। ग्रिटिंग कार्ड की रेट भी काफी अधिक है। लोग वाट्सअप और अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से अपने बधाई संदेश भेजते हैं।
असीमित लोगों तक पहुंच
गिफ्ट विके्रता नरेश गुलाटी ने बताया कि बधाई संदेश के लिए लोग ग्रिटिंग कार्ड के स्थान पर सोशल मीडिया पर निर्भर है। इससे असीमित लोगों में बधाई संदेश पहुंच जाता है। ऐसे में लोग ग्रिटिंग कार्ड की कम ही मांग करते हैं।
Updated on:
03 Nov 2018 11:15 am
Published on:
03 Nov 2018 11:15 am
