
सर्दी ढा रही सितम, थमी रफ्तार
गंगापुरसिटी . दिसम्बर माह के आखिरी सप्ताह में सर्दी सितम ढाती नजर आ रही है। सोमवार को शहर कोहरे के आगोश में नजर आया। ऐसे में जनजीवन ठहर सा गया। कोहरे के चलते ट्रेन और बसों की रफ्तार भी थमी नजर आई। ट्रेनें जहां कई घंटे देरी से चलीं। वहीं बसें भी धीमी रफ्तार में अपने गंतव्य तक पहुंचीं। सर्दी से आम जनजीवन ठिठुरता नजर आया। सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए।
उपखंड में रविवार से ही सर्दी के तेवर खासे सर्द हो गए। ऐसे में लोग दिन में ही गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। शाम होते ही सर्दी और गहरा गई। इससे लोगों की धूजणी छूट गई। रात्रि को कड़ाके की सर्दी के बीच कोहरे ने दस्तक दे दी। सुबह तक पूरा शहर कोहरे के आगोश में आ गया। सुबह धूप नहीं खिलने के कारण लोग सर्दी में ठिठुरते नजर आए। ऐसे में शहर में जगह-जगह अलाव जलते देखे गए। कोहरा छंटने के बाद खिली हल्की धूप ने लोगों को सर्दी से राहत दिलाई। धूप का मिजाज भी अन्य दिनों की तरह तल्ख नहीं रहा। शाम होते ही सर्दी के तेवर एक बार फिर तीखे हो गए। ऐसे में लोग घरों में ही दुबके रहे। सर्दी का असर बाजारों में भी देखा गया। सर्दी के चलते बाजार में चहल-पहल कम ही नजर आई।
यह ट्रेन चलीं देरी से
कोहरे का असर ट्रेनों के संचालन पर साफ दिखा। गाजीपुर एक्सप्रेस 4 घंटे, शताब्दी ढाई घंटे, कोटा-निजामुद्दीन करीब चार घंटे देरी से चली। इसके अलावा स्वर्ण मंदिर मेल 1 घंटे सहित अन्य कई ट्रेनें प्रभावित रहीं।
Published on:
24 Dec 2018 08:45 pm
