
सवाईमाधोपुर. आरोपी ढोंगी बाबा।
सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय स्थित आवासन मण्डल कॉलोनी में बुधवार को ढोंगी बाबा के एक किशोर को अगवा करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक ढोंगी बाबा ने कॉलोनी में राधागोविंद मंदिर के पास कोचिंग से लौट रहे पीडि़त राहुल जांगिड़ से कॉलोनी के एक सेक्टर में किसी के मकान का पता पूछा। ऐसे में किशोर ने उसे मकान का पता बता दिया, लेकिन आरोपी ने नहीं जानने का बहाना बनाते हुए उसके साथ चलकर घर दिखाने को कहा। इस पर किशोर आरोपी के साथ चलने को तैयार हो गया। थोड़ी देर बाद आरोपी उसे जबरदस्ती जिला अस्पताल के पीछे स्थित कच्चे रास्ते में मस्जिद के पास ले गया। किशोर के शोर मचाने पर मौके पर लोग पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसकी सूचना पीडि़त के परिजनों को दी गई तो मौके पर पीडि़त का भाई व अन्य लोग पहुंचे और आरोपी को पकड़कर अपने घर ले आए। सूचना पर पहुंची पुलिस : घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर कोतवाली थाना पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस में बताया कि पूछताछ में आरोपी अपना नाम नारायण दास निवासी गोवर्धन मथुरा बता रहा है। आरोपी से अभी पूछताछ जारी है।
भीड़ ने की आरोपी की धुनाई
आरोपी को पकड़कर वापस कॉलोनी में लाने के बाद कॉलोनी के लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
एक ढोंगी द्वारा एक किशोर से पता पूछने के बहाने अगवा करने की शिकायत मिली है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ जारी है।
प्रमोद शर्मा, थानाधिकारी, कोतवाली
Published on:
27 Dec 2018 01:53 pm
