
प्रेम प्रसंग के चलते महिला-पुरुष ने दी जान
सवाईमाधोपुर. जीनापुर में सेगरों के पास बुधवार रात को एक प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके पर गुरुवार सुबह कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवाया। कोतवाली थाने के एएसआई केसर लाल ने बताया कि मृतक राजेश उर्फ मीठालाल (35) पुत्र हनुमान बैरवा तथा मृतका कमला (32) पत्नी गणपत बैरवा निवासी बोरिफ है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
विवाहेत्तर संबंध
पुलिस ने बताया कि महिला व युवक दोनों ही विवाहित थे। वे दोनों पड़ोस में रहते थे। महिला कमला के तीन बच्चे तथा राजेश के 4 बच्चे है। दोनों में ही काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी गांव में चर्चा भी थी। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते ही आत्महत्या की है।
दूर पड़े थे शव
पुलिस ने बताया कि प्रेमी युगल के शव जीनापुर ट्रेक पर खंबा नम्बर 1024/8 के समीप पटरी के समीप दूर-दूर पड़े थे। संभवता दोनों ने एक साथ हाथ पकड़कर ट्रेन के सामने छलांग लगाई थी। इससे ट्रेन की चपेट में आने से दोनों दूर जा गिरे।
प्रेमी युगल ने टे्रन के आगे कूदकर आत्महत्या की है। दोनों ही पड़ोसी थे। काफी दिनों से उनके बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। मर्ग दर्ज कर लिया है।
केसरलाल, अनुसंधान अधिकारी, कोतवाली, थाना, सवाईमाधोपुर।
आंखों में मिर्ची पाउडर झौंक स्कूटी ले भागे,करीब 500 मीटर दूर छोड़ गए वाहन,साकेत नगर की घटना
सवाईमाधोपुर. आलनपुर मण्डी रोड स्थित साकेत नगर में गुरुवार रात करीब दस बजे बाइक सवार तीन जने साकेत नगर निवासी एक ज्वैलर्स की आंखों में मिर्ची पावडर डालकर उसकी स्कूटी व थैला लेकर भाग छूटे। हालांकि थैले में कुछ नहीं होने पर आरोपी पांच सौ मीटर दूर स्कूटी छोड़कर भाग गए। इस संबंध में पीडि़त साकेत नगर निवासी पवन जैन ने कोतवाली थाने में शिकायत की है। सूचना पर मौके पर पहुंंची पुलिस ने स्कूटी को मालिक को सौंपा। बाद में आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली।
कोतवाली थानाधिकारी नेमीचंद ने बताया कि पवन जैन रात को बजरिया स्थित दुकान से स्कूटी से साकेत नगर स्थित घर आ रहा था। इस दौरान घर की गली में पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन युवकों ने स्कूटी के टक्कर मार दी। इससे वह गिर गया। बाद मेंं आरोपियों ने स्कूटी सवार की आंखों में मिर्ची पावडर डालकर स्कूटी व थैला छीन ले गए। हो हल्ला करने पर मोहल्लेवासी आरोपियों के पीछे भागे तो वे करीब 500 मीटर दूर स्कूटी छोड़कर रात के अंधेरे में भागने में सफल हो गए। इधर, सूचना मिलते ही घटनास्थल पर कॉलोनीवासियों की भारी भीड़ जमा हो गई। पीडि़त व्यापारी की तत्काल आंखें धुलाई गई।
Published on:
25 May 2018, 10:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.