
गंगापुरसिटी. अगर किसी का फोन आए और वह अपने आप को बैंक अधिकारी बता आपसे आपके एटीएम नम्बर व अन्य जानकारी मांगे तो सावधान हो जाएं। इन दिनों इस तरह के फर्जी फोन कॉल कर खाते से राशि उड़ाने की वारदातें हो रही है। गंगापुरसिटी में रविवार को एक ऐसा ही फोन कॉल आया और जानकारी देते ही व्यक्ति के खाते से 54 हजार रुपए निकल गए।
एफसीआई गोदाम क्षेत्र निवासी महेश चंद गुप्ता ने बताया कि उसकी पुत्री पूजा गुप्ता के पास रविवार सुबह दो मोबाइल नम्बरों से अलग-अलग फोन आए। इस दौरान स्वयं को बैंक अधिकारी बताते हुए एटीएम नम्बर, पासवर्ड व अन्य जानकारी ली। थोड़ी देर बाद ही बैंक खाते से 54 हजार 398 रुपए कटने का मैसेज आया। इस पर पुत्री ने उन्हें सूचना दी। रविवार के कारण बैंकों का अवकाश था। ऐसे में राशि किसके अकाउंट में गई है, इसकी जानकारी नहीं लग सकी। हालांकि निजी तौर पर मोबाइल नम्बर के बारे में जानकारी जुटाई गई तो यह बिहार का होना पाया गया।
पीडि़त ने बताया कि आरोपितों ने एटीएम राशि से किसी कंपनी से सामग्री खरीदी है। पुत्री के खाते से सारी राशि निकालने के बाद आर्डर के अनुसार राशि थोड़ी कम पड़ रही है। ऐसे में अब मोबाइल पर बार-बार शेष राशि जमा कराने के मैसेज आ रहे हैं।
लोग नहीं है जागरूक
शहर में फर्जी कॉल से एटीएम नम्बर व पासवर्ड पूछकर खाते से राशि उड़ाने की कई वारदातें हो चुकी है। गौर करने वाली बात यह है कि कई पढ़े-लिखे व नौकरीपेशा लोग भी ऐसे फर्जी कॉल्स के झांसे में आ जाते है। पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों को इस संबंध में कई बार आगाह किया जाता है कि वे किसी अंजान व्यक्ति को बैंक खाता व अन्य गोपनीय जानकारी नहीं दें।
