
मलारना डूंगर चैनपुरा रोड पर खेत तलाई में तैरता शव।
मलारना डूंगर. थाना क्षेत्र के चैनपुरा गांव के पास शुक्रवार सुबह खेत तलाई में युवक का शव मिला। शव की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त की। मृतक की पहचान अशोक जैन उर्फ गोलू (25) पुत्र ओमप्रकाश जैन निवासी चैनपुरा के रूप में हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।मृतक के पिता अशोक कुमार जैन ने मलारना डूंगर थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया कि अशोक 17 अक्टूबर को सवाईमाधोपुर होते हुए जयपुर जाने की कह कर निकला था। मृतक के साथ स्थानीय निवासी चंचल भी गया था। चंचल सवाईमाधोपुर रुक गया। इसके बाद शुक्रवार सुबह उन्हें अशोक का शव मिलने की सूचना मिली। मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है।
संदिग्ध मान कर रहे जांच
पुलिस ने प्रथम दृष्टया संदिग्ध मौत मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि अशोक जयपुर में रहकर आईटीआई कर रहा था। 17 अक्टूबर को घर से निकला तब उसके पास बैग था, लेकिन शव के साथ न तो बैग मिला न ही पर्स व मोबाइल भी नहीं मिला। चैनपुरा की मुख्य सड़क से लगभग तीन सौ फीट दूर खेत तलाई में शव मिलना भी संदेह पैदा करता है।
एफएसएल ने जुटाए सबूत
हादसे के बाद ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक वासुदेव सिंह के साथ एफएसएल टीम के सदस्यों ने घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। इस दौरान एफएसएल टीम के सदस्यों ने बारीकी से मौका देखा व शव की भी जांच की।
11 बजकर 35 मिनट पर बन्द हुई घड़ी
ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक वासुदेव सिंह के अनुसार मृतक के हाथ में बंधी घड़ी 11 बजकर 35 मिनट पर बन्द हुई है। ऐसे में सम्भव है कि अशोक खेत तलाई में इससे पहले ही पहुंचा है। इसकी मौत पानी में डूबने से हुई या शव पानी में डाला गया, इसकी जांच की जा रही है।
निमोद ब्रांच के पास चैनपुरा रोड पर खेत तलाई में शव मिला है। मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच कर रहे हैं।
बृजेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी मलारना डूंगर
Published on:
20 Oct 2018 11:24 am
