
विनोबा बस्ती की ओर से निकाले गए गणेश विसर्जन जुलूस में नाचते श्रद्धालु।
सवाईमाधोपुर. गणपति के जयकारे लगाते श्रद्धालु, मंगलगीत गाती महिलाएं, डीजे की धुन पर थिरकते युवा। कुछ ऐसा ही नजारा मंगलवार को अनंत चतुर्दशी पर शहर में निकाली गई गणेश विसर्जन यात्रा में देखने को मिला।
शहर में विनोबा बस्ती स्थित गणेश मंदिर में दोपहर एक बजे बाद गणेश विसर्जन यात्रा निकाली गई। विनोबा बस्ती से रवाना हुई शोभायात्रा सदर बाजार, पुलिस चौकी, राउमावि शहर से होती हुई नीम चौकी रामद्वारा की ओर कुशाली दर्रा पहुंची, जहां विधि-विधान से गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। जुलूस का शहवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस मौके पर अध्यक्ष राजतिलक धनावत, प्रचार मंत्री सूरजसिंह राजावत, उपाध्यक्ष राजकमल धनावत आदि मौजूद थे।
इसी तरह योग सेवा दल समिति की ओर से परमहंस योगाश्रम से गणेश शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए खण्डार स्थित रामेश्वरधाम पहुंची, जहां गणेश की आरती उतारी गई। महाआरती में दर्शनार्थियों का सैलाब उमड़ा। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर का माहौल धर्ममय बना रहा। शोभायात्रा के दौरान गणपति बप्पा मोरिया...अगले बरस तू जल्दी आ... मंगलमूर्ति मोरिया..गणपति बप्पा मोरिया...जय गणेश जय गणेश जय गणेश देवा की गूंज के साथ रंग-गुलाल उड़ाते नजर आ रहे थे।
गजानन के रंग में रंगे श्रद्धालु
चौथ का बरवाड़ा. कस्बे में मंगलवार को अनंत चतुर्दशी पर गणेश महोत्सव समिति की ओर से गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर कस्बेवासियों ने जुलूस निकाला। इस अवसर पर जुलूस में बड़ी संख्या में पुरुष तथा महिलाओं ने भाग लिया। इसके बाद शाम को चौथमाता सरोवर में गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
खूब थिरके युवाओं के कदम
अखाड़े में दिखाया हैरतअंगेज प्रदर्शन
शिवाड़. गणपति बप्पा अगले बरस तू जल्दी आना... के जयकारों के साथ मंगलवार को कस्बे में गणेश प्रतिमा का विसर्जन हुआ। सुबह दस बजे से गणेश विसर्जन यात्रा का दौर शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। लोग गाजे-बाजे के साथ जुलूस के रूप में गणेश प्रतिमा के साथ बड़ा तालाब पहुंचे। गणेश मित्र मण्डल व ग्रामीणों की ओर से अनंत चतुर्दशी पर कस्बे में धूमधाम से शोभायात्रा निकाली। राजकीय अस्पताल स्थित गणेश मंदिर से रवाना हुई विसर्जन यात्रा घुश्मेश्वर मंदिर, छोटाबाग, मुख्य बाजार होते हुए शिव सरोवर(बड़ा तालाब) पहुंची।
जहां मंत्रोच्चारण कर गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। वहीं भगवान गणेश को लड््डूओं का भोग लगाया किया। गणेश विसर्जन यात्रा में डीजे के पीछे चल रहे युवा टोली ने गणपति बप्पा मोरिया...देवा ओ देवा...समेत अन्य जयकारे लगा रहे थे। गणेश प्रतिमा का गाजे-बाजे के साथ विसर्जन किया गया। गणेश विसर्जन यात्रा का लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान कलाकारों ने अखाड़े में हैरतअंगेज प्रदर्शन किया, जिसे देखकर लोग अचंभित हो गए। इस दौरान गणेश मित्र मण्डल अध्यक्ष सुनील वर्मा, गणेश कुशवाह, लक्की अजमेरा, विकास मिश्रा, दीलिप नामा, बबलू पाराशर, नरेश कुशवाह आदि शोभायात्रा में सहयोग किया।
आतिशबाजी रही आकर्षण का केन्द्र
गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान बड़ा तालाब स्थित शिव सरोवर में आधे घंटे तक रंगीन आतिशबाजी की। इसके बाद विधि-विधान से गणेशजी की महाआरती की गई। इस दौरान हर कोई गुलाल में रंगा नजर आ रहा था। नौका विहार से गणेश विसर्जन किया गया। इस दौरान दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही। शोभायात्रा के दौरान जुलूस में पुलिस जाप्ता तैनात रहा।
उमड़ा आस्था का सैलाब
खिरनी. कस्बे में गणेश महोत्सव समिति की ओर से मंगलवार को निकाली गई शोभायात्रा में गणपति बप्पा के प्रति आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा कस्बा शोभायात्रा के स्वागत के लिए आतुर रहा। सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्था की। शोभायात्रा चामुंडा माता मंदिर से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए केशव कटरा से ब्रह्मपुरी मोहल्ला पहुंची। वहां से ट्रैक्टरों के माध्यम से बनास नदी पहुंचे। जहां जयकारों के बीच गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। इस मौके पर रामजीलाल मंगल, हंसराज डीलर, रघुनंदन मंगल, प्यार सिंह गुर्जर, भाजपा अध्यक्ष बद्रीलाल गौतम, पूर्व सरपंच मोतीलाल गुर्जर सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
निकाली शोभायात्रा, किया गणपति विजर्सन
बहरावण्डा खुर्द. कस्बे सहित क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन शोभायात्रा निकाली। इससे पूर्व कस्बे के रामकुमारजी मंदिर में नवयुवक मण्डल द्वारा पूजा की। भजनों पर श्रद्धालु नाचे। शोभायात्रा मुख्य बाजार से होते हुए खाराकुआं, खण्डार रोड, भगतसिंह सर्किल होते हुए झरेल के बालाजी स्थित चम्बल नदी में गणपति की प्रतिमा विसर्जित की। कृष्णअवतार गोयल, गिर्राज कौशल आदि थे।
सरकारी योजना को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान
सवाईमाधोपुर. भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को मण्डी रोड स्थित कार्यालय पर हुई। इस दौरान सरकारी योजनाओं का आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री व जिला संगठन प्रभारी अरूण अग्रवाल ने केन्द्र व राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं संगठन की योजना की समीक्षा की। जिलाध्यक्ष सुरेशचंद जैन ने आगामी कार्यक्रमों पर जानकारी दी। इस दौरान सभी मण्डल अध्यक्षों को सात अगस्त तक कार्यकारिणी की बैठक करने एवं 15 सितम्बर तक इकाइयों की बैठक कर जिला संगठन को सूचना देने को कहा।
Published on:
06 Sept 2017 01:27 pm
