
डिडायच में नाका लगा पुलिस जवान किए तैनात
चौथ का बरवाड़ा. पुलिस प्रशासन ने तहसील क्षेत्र में बनास में अवैध बजरी खनन पर शिकंजा कसा है। थाना पुलिस ने डिडायच गांव के अटल सेवा केन्द्र के पास पुलिस का नाका बना कर जवानों की तैनाती की है। पुलिस के जवान रात दिन बनास नदी के चारों ओर नजरे रखे हुए हैं। साथ ही रात भर गश्त की जा रही है। इससे बजरी खननकर्ताओं में हड़कंप मचा है। कई बजरी खननकर्ता भूमिगत होने लगे हैं।
पुलिस पर नहीं हुआ पथराव : पुलिस ने शनिवार सुबह करीब आठ बजे बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, जिसे बजरी खननकर्ताओं द्वारा पुलिस पर पथराव कर छुड़ा ले जाने की सूचना है। हालांकि पुलिस ने इस घटना को अफवाह बताया है। प्रशिशु आरपीएस कृष्णा सामरिया ने बताया कि पुलिस पर कोई पथराव नहीं हुआ है। ना ही पथराव जैसी कोई घटना हुई है। हमने मौके पर जाकर जवानों से मालूम किया है।
21 कनेक्शन काटे
वजीरपुर. जयपुर डिस्कॉम के कनिष्ठ अभियंता लेखराज मीना ने शनिवार को टीम साथ ग्राम वजीरपुर, बड़ौली, छगड़ा एवं खरेड़ा में बकाया वसूली के लिए अभियान चलाया। इस दौरान बकाया राशि जमा नहीं कराने पर 21 उपभोक्ताओं घरेलू कनेक्शन काटे गए। कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि निगम के निजी कनेक्शनों पर 6 लाख 49 हजार 33 रुपए की राशि बकाया है। राशि जमा नहीं कराने पर उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली निगम के सवाईमाधोपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। टीम में अमित कुमार, हरिओम, अजीत कुमार, राजेंद्र, हेमराज एवं मुनेश बैरवा आदि शामिल थे।
Published on:
23 Dec 2018 02:10 pm
