
जिला कलक्ट्रेट सभागार में बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते जिला कलक्टर पीसी पवन।
सवाईमाधोपुर. जिला निर्वाचन अधिकारी पीसी पवन ने कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार मतदान केन्द्रों का जायजा ले। वहीं 4 श्रेणी के मतदान केन्द्रों की सूची तैयार कर जिला कार्यालय भेजे। इसी प्रकार सभी मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधा सुनिश्चित करने एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्र पर लाने के लिए व्हील चेयर आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए प्रकोष्ठ प्रभारी, सर्विलांस टीमें गठित की गई हैं।
उन्होंने सभी उपखंड अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों से कहा कि सर्विलांस टीमों के साथ समन्वय रखते हुए कार्य करवाए। आचार संहिता चुनाव की घोषणा के साथ ही लागू हो जाएगी। आचार संहिता की पालना भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चुनाव से संबंधित सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव के लिए मिलकर एवं पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम महेंद्र लोढ़ा,उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पुलिस उपअधीक्षक आदि मौजूद थे।
भजन संध्या में रात पर जमे रहे श्रोता
सवाईमाधोपुर. संसदीय सचिव जितेन्द्र गोठवाल ने शनिवार को काली ढाई का दौरा कर भजन संध्या व मेले में शिरकत की। देर रात तक श्रोता भजनों का आनंद लेते रहे। मुख्य अतिथि गोठवाल ने कहा कि मेला भारतीय संस्कृति के प्रतीक है। ऐसे आयोजन से आपसी भाईचारा बढ़ता है। कार्यक्रम में सरपंच आशाराम मीना, रामकिशन गुर्जर, रुपसिंह गुर्जर, हनुमान डेकवा आदि मौजूद थे। भजन संध्या में कई जगहों से आए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन सुनाए। रात पर श्रोता सुनने के लिए डटे रहे। सुबह आरती के बाद समापन हुआ।
सिराज जिला महामंत्री मनोनीत
सूरवाल. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष कबीर बेग ने अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मजीद मलिक की सहमति से करमोदा निवासी सिराज अहमद को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का जिला महामंत्री मनोनीत किया है।
Published on:
07 Oct 2018 03:57 pm
