
kirodi lal meena
सवाईमाधोपुर जिले के दीवाड़ा गांव में आयोजित कन्हैया पद दंगल कार्यक्रम में सोमवार को अनोखा नजारा देखने को मिला। राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा हाथी पर सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया और पूरे मार्ग में फूल बरसाए। कार्यक्रम के दौरान मंत्री लोक कलाकारों के साथ मंच पर जमकर थिरकते नजर आए, जिससे माहौल उत्साह और उमंग से भर गया।
दीवाड़ा गांव में कृषि मंत्री के स्वागत की विशेष तैयारियां की गई थी। ग्रामीणों ने उन्हें हाथी पर बैठाकर करीब एक किलोमीटर लंबा जुलूस निकाला। रास्ते भर ग्रामीणों ने जयकारे लगाए और पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुलूस के साथ चलते रहे।
मंत्री के स्वागत को यादगार बनाने के लिए ग्रामीणों ने अनूठा इंतजाम किया। जुलूस के दौरान कई स्थानों पर जेसीबी मशीनों की सहायता से फूलों की वर्षा की गई। फूलों की बौछार के बीच मंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोग मंत्री के साथ सेल्फी और फोटो लेने के लिए भी उत्सुक नजर आए।
कन्हैया पद दंगल कार्यक्रम में लोक गायकों और कलाकारों ने पारंपरिक भजन तथा लोक गीत प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के दौरान कृषि मंत्री भी मंच पर पहुंचे और कलाकारों के साथ डांस करने लगे। मंत्री को लोक गीतों की धुन पर थिरकते देख दर्शकों ने तालियों और जयकारों से उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का यह दृश्य आकर्षण का केंद्र बना रहा।
दंगल कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। लोक कलाकारों ने राजस्थान की लोक संस्कृति और परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला और देर तक लोक गीतों व भजनों की गूंज सुनाई देती रही।
दीवाड़ा गांव के कार्यक्रम के बाद कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा माणोली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने एक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान और विरासत है। इसे संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोक कलाकारों का सम्मान करते हुए उनके योगदान की सराहना की और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।
Published on:
02 Jun 2026 01:02 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
