
दो सौ पाइंट रोस्टर पुन: लागू करने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन
गंगापुरसिटी (बामनवास) . केन्द्रीय विश्वविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों की ओर से कोर्ट के निर्णय के बाद १३ पाइंट रोस्टर से भर्तियां करने के विरोध में गुरुवार को यहां विभिन्न संगठनों की ओर से मानव संसाधन विकास मंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इधर विधायक इंदिरा मीना ने भी केन्द्र सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र भेजकर पुन: दो सौ पाइंट रोस्टर भर्तियों में लागू करने का आग्रह किया है।
उपखण्ड अधिकारी को लेखिका विमला मीना के नेतृत्व में एससी-एसटी के युवाओं की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि १३ पाइंट रोस्टर से भर्तियों में एससी, एसटी तथा ओबीसी का अहित हो रहा है। सीटें नहीं मिल पाने की वजह से संविधान प्रदत्त आरक्षण के नियमों का उल्लंघन हो रहा है।
ज्ञापन में फिर से दो सौ पाइंट रोस्टर लागू करने की गुहार की गई ताकि आरक्षित तबके को नौकरियों में आरक्षण का लाभ मिल सके। ज्ञापन देते समय एनएसयूआई के ब्लॉक अध्यक्ष बालाराम मीना, पारस कुमार खटीक, हरिमोहन मीना, संजय मीना, राकेश मीना, हंसराज मीना एवं विशाल मीना सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Published on:
31 Jan 2019 09:31 pm
