
सवाईमाधोपुर में सुबह अंधड़ चलने के साथ छाए बादल।
सवाईमाधोपुर . शहर सहित ग्रामीण अंचलों में फिर से मौसम का मिजाज बदला है। सुबह से शाम तक धूप-छांव का दौर चला। दोपहर में आसमान में बादल छाए रहे। इससे तापमान में गिरावट आई है। ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। पिछले कई दिनों से धूप में तेजी से लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था और दिन का तापमान भी 37 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर मौसम ने पलटा खाया। दिनभर सूर्यदेव बादलों की ओट में छिपे रहे। शहर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गड्ढ़ों में तब्दील हुई सड़क
खिरनी . कस्बे के निकट हरसोता गांव में ग्राम पंचायत द्वारा छह माह पहले हरसोता से बड़ागांव सरवर के रास्ते 500 मीटर तक लाखों रुपए की लागत से सड़क का निर्माण करवाया था। जो कुछ माह बाद ही गड्ढों में तब्दील होने लगी है। ग्रामीण रामस्वरूप कुम्हार, हरिओम सेन, लोकेश वैष्णव, हनुमान मीणा, अनिल मीणा ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से लाखों रुपए की लागत से हरसोता से बड़ागांव सरवर तक की सीसी सड़क का निर्माण करवाया था। सड़क निर्माण के कुछ माह बाद ही जगह-जगह से जमीन में धंस गई। कई जगह पर गहरे गड्ढे हो गए। इससे वाहन चालक को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। इस पर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से घटिया निर्माण की जांच करवा कर कार्रवाई की मांग की है।
पावाडेरा से अपहृत युवती लहसोड़ा से दस्त्याब
सवाईमाधोपुर . गत दिनों चौथकाबरवाड़ा थाना इलाके के पावाडेरा से अपहृत महिला को पुलिस ने शुक्रवार को लहसोड़ा से दस्त्याब किया है। थानाधिकारी डॉ. उदयभान ने बताया कि इस संबंध में बासंड़ा निवासी महिला के पिता इसी गांव के आरोपित राजाराम गुर्जर के खिलाफ 11 मार्च को बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां उसने पिता संग जाने की इच्छा जताई। न्यायालय ने उसे पिता के सुपुर्द किया।
Published on:
17 Mar 2018 08:11 pm
