
थडिय़ों पर अब जीत-हार का गणित
गंगापुरसिटी . लोकसभा चुनाव की प्रदेश में आधी से ज्यादा सीटों पर मतदान के बाद अब जीत-हार को लेकर जुबानी जंग छिड़ी नजर आ रही है। गांव की चौपाल हों या चाय की थड़ी। ज्सूस की दुकान हो या फिर बस स्टैण्ड। सभी जगह हार-जीत को लेकर चर्चाएं गर्म हैं। चढ़ते तापमान के बीच कई बार तीखी बहस माहौल को और गर्म बना रही है। दोनों बड़ी पार्टियों के समर्थक अपने-अपने हिसाब से जीत-हार का गणित बताते नजर आ रहे हैं।
गंगापुर में कृषि उपज मंडी में एक चाय की थड़ी पर मंगलवार को किसानों के साथ अन्य लोग चुनावी चर्चा में मशगूल नजर आए। यहां मिले फतह सिंह का कहना था कि दोनों ही पार्टियों ने अपने परंपरागत वोट लिए हैं, जो पार्टी दूसरी पार्टी के वोट बैंक में सेंध लगाने में कामयाब रही होगी। उसका पलड़ा जीत की ओर झुकेगा। यहीं मिले यादराम का कहना था कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा, लेकिन जातिगत हिसाब से देखा जाए तो दोनों पार्टियों ने खूब वोट लिए हैं। जातिगत समीकरण के लिहाज से देखा जाए तो गांवों में जहां कांग्रेस ने वोट लिए। वहीं शहरी क्षेत्रों में भाजपा बढ़त बनाती नजर आई।
हालांकि पूरी स्थिति मतगणना के बाद ही साफ होगी। गंगापुरसिटी मंडी में पहुंचे करौली-धौलपुर लोकसभा क्षेत्र के निवासी लखन सिंह ने कहा कि हमारे यहां अभी चुनाव होने हैं, लेकिन मोदी लहर अभी भी कायम है। हमारे यहां लोग पार्टी प्रत्याशियों से ज्यादा तवज्जो बड़े चेहरे को देते नजर आ रहे हैं। वहीं यहां मिले युवक अशोक ने कहा कि चुनाव राष्ट्रवाद के नाम पर लड़ा जा रहा है, जो पार्टी उसे भुना रही है। वह जीत की ओर अग्रसर होगी। युवक का कहना था कि इस बार एयर स्ट्राइक जैसे मुद्दे चुनाव के केन्द्र में हैं।
Updated on:
30 Apr 2019 08:58 pm
Published on:
30 Apr 2019 08:58 pm
