
सवाईमाधोपुर. शिल्पग्राम स्थित टिकट विण्डो पर निराश खड़े पर्यटक।
सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर में पर्यटकों की आवक शुरू हो गई है। हर कोई बाघों व अन्य वन्य जीवों की अठखेलियां देखकर क्रिसमस व नए साल को यादगार बनाना चाहता है, लेकिन मंगलवार को ऑॅनलइान बुकिंग होने के बाद भी पर्यटकों को पार्क भ्रमण के टिकट नहीं मिल सके। जानकारी के अनुसार क्रिसमस पर भोपाल व नागौर से करीब 30 पर्यटकों का दल रणथम्भौर आया था। इसमें से करीब दस पर्यटकों ने ऑनलाइन टिकट बुक कराया था। पर्यटकों का यह दल दोपहर करीब सवा दो बजे टिकट विण्डो पर पहुंचा, लेकिन वन अधिकारियों ने समय पूरा होने और काउंटर बंद होने का हवाला देकर टिकट देने से इंकार कर दिया। भोपाल से आए विशाल अरोड़ा ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग होने के बाद भी टिकट नहीं दिया गया। वह महज 15 मिनट देरी से विण्डो पर पहुंचे थे।
इसी प्रकार नागौर से आए रमजान खान, सुरेन्द्र सिंह वसुरेश कुमावत ने बताया कि वे सुबह दस बजे ही शिल्पग्राम स्थित टिकट विण्डों पर पहुंच गए। उन्हें दोपहर की पारी में पार्क भ्रमण के लिए टिकट चाहिए थे, लेकिन टिकट विण्डों पर काउंटर बंद मिला। किसी ने उन्हें नए नियमों की जानकारी नहीं दी। दोपहर करीब दो बजे कुछ वाहन चालकों ने टिकटों के ऑनलाइन होने के बारे में बताया तो उन्होंने मोबाइल पर ही टिकट बुक करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक विभाग की वेबसाइट बंद हो गई थी। इससे पर्यटक निराश होकर लौट गए। वहीं इस संबंध में उपवन संरक्षक(पर्यटन) अजीत सक्सेना का कहना है कि गत दिनों ही करंट बुकिंग को ऑनलाइन किया जा चुका है। ऐसे में विण्डो से केवल बोर्डिंग पास ही जारी किए जा रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग होने के बाद पास नहीं मिलने की जानकारी नहीं है।
Published on:
26 Dec 2018 02:48 pm
