
नर्सरियों से पौध खरीदने पर मिलेगा 50 फीसदी अनुदान किसानों
सवाईमाधोपुर. प्रदेशभर में वर्ष 2018-19 में कृषकों के नवीन बगीचा स्थापित करने के लिए संतरा, मौसमी, अमरूद एवं टिश्यूकल्चर अनार के पौधे लगाने पर निर्धारित दर का 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए उद्यान निदेशालय ने आदेश जारी कर दिए हैं। बागवानी को बढ़ावा देने के लिए सरकार व उद्यानिकी विभाग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे है। इसके लिए किसानों को प्रोत्साहित कर अनुदान भी दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत प्रदेश में पहली बार राज्य या राज्य के बाहर पंजीकृत नर्सरियों से किसान बागवानी के लिए संतरा, मौसमी, अमरूद एवं टिश्यूकल्चर अनार के पौधे खरीदता है, तो काश्तकारों को उद्यान निदेशालय की ओर से 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। पहले पंजीकृत नर्सरियों में अनुदान देय नहीं था। इस बार राज्य एवं राज्य बाहर पंजीकृत नर्सरियों से किसान सीधा क्रय करता है, तो उसे भी अनुदान देय होगा। इस बदलाव से जो कृषक बगीचे लगाना चाहते है, वे अपनी पसंद के अनुसार पौध रोपण सामग्री का क्रय कर सकते हैं।
ये है पौधों के मापदण्ड
पंजीकृत नर्सरियों से फलदार पौध खरीदने के लिए अमरूद लखन 49, इलाहाबादी, सफेदा के लिए मूलवंत एक वर्ष पुराना होद्ध ग्राफ्टिंग या इनार्चिंग नौ इंच की ऊंचाई पर किया होना चाहिए। वहीं कलमबंद जोड़ सुदृढ़ व नियमित हो। पौधे टाट या प्लास्टिक की थैली में या कूची में मिट्टी के साथ बंधा हुआ होना चाहिए। इसी प्रकार संतरा का मूलवंत स्वस्थ एवं नौ से 12 माह का होना चाहिए। तैयार पौधों की लम्बाई तीन से चार फीट होनी चाहिए। इसी प्रकार अनार टिश्यूकल्चर के लिए पौधे की ऊंचाई 25-30 सेमी व 3-4 महीने का होना चाहिए।
ये है पौधों की दरें
पौध दर
अमरूद 21 रुपए
संतरा(नागपुरी) 15 रुपए
मौसमी 20 रुपए
अनार 35 रुपए
मिलेगा अनुदान
वित्तीय वर्ष 2018-19 में नवीन बगीचे स्थापित करने के लिए संतरा,मौसमी, अमरूद व अनार के पौधे पंजीकृत नर्सरियों से खरीदने पर किसानों को 50 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। पंजीकृत नर्सरियों से पौधे खरीदने पर अनुदान देने की प्रक्रिया पहली बार शुरू हुई है।
चन्द्रप्रकाश बढ़ाया, सहायक निदेशक, उद्यान सवाईमाधोपुर
Published on:
06 Jul 2018 06:31 pm
