
सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर स्थित एक होटल में नए साल का जश्न मनाते पर्यटक।
सवाईमाधोपुर. साल का अंतिम दिन, उत्साह परवान पर, नए साल के स्वागत को बेकरार लोग और इन सबके बीच रात को जैसे ही घड़ी में बारह बजे तो फिजां में हैप्पी न्यू ईयर गूंज उठा।स्थानीय लोगों के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों ने साल 2018 को अलविदा कहा और नववर्ष का उत्साह के साथ स्वागत किया। वहीं एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। रणथंभौर रोड सहित शहर की दूसरी पॉश कॉलोनियों में आतिशबाजी हुई, वहीं लोगों ने डीजे की धुनों पर जमकर ठुमके लगाए।
जमकर थिरके पर्यटक
नए साल का जश्न रणथम्भौर रोड पर अपने चरम पर नजर आया। यहां रात को बारह बजते ही होटलों में धमाल शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा। होटलों में पर्यटक डीजे की धुन पर नए साल के स्वागत में झूमते नजर आए। वहीं होटलों में नए साल के जश्न को यादगार बनाने के लिए लोक संगीत, नृत्य आदि के कलाकार भी बुलाए गए। जिन्होंने प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
घरों में मनाया जश्न
तेज सर्दी के कारण अधिकांश शहरवासियों ने घरों पर नए साल का जश्न मनाया। रणथम्भौर रोड स्थित होटलों को छोड़कर शहर में कहीं बड़ा आयोजन नहीं हुआ। लोगों ने घरों पर ही सामूहिक रूप से पार्टियां की और नए साल का स्वागत किया।
सूरज के साथ सेल्फी की रही होड़
रणथम्भौर में नए साल का जश्न मनाने आए देशी-विदेशी पर्यटकों में साल के अंतिम दिन डूबते सूरज के साथ सेल्फी खींचने व डूबते सूरज को कैमरे में कैद करने की होड़ नजर आई। रणथम्भौर रोड पर पर्यटक होटलों की छतों पर रणथम्भौर दुर्ग में सूर्य के साथ सेल्फी लेते नजर आए।
रोशनी से नहाए होटल
नव वर्ष की पूर्व संध्या पर रणथम्भौर रोड स्थित होटल व रेस्टोरेंट में विशेष सजावट की गई। सभी होटल रंग-बिरंगी रोशनी से नहाए हुए नजर आए। इससे रणथम्भौर रोड भी रोशनी से दमकता हुआ नजर आया। इसके अलावा मैरिज गार्डन में सजावट व जश्न के विशेष इंतजाम किए गए। हर कोई अपने अंदाज में नव वर्ष का स्वागत करने को आतुर नजर आया। रात को बारह बजते ही मोबाइल पर घंटिया बजने लगी। साथ ही शुरू हो गया मोबाइल व सोशल मीडिया पर एक दूसरे को संदेश भेजने का सिलसिला।
Published on:
01 Jan 2019 01:13 pm
