
sawaimadhopur police news
सवाईमाधोपुर. कोतवाली पुलिस ने सोमवार तड़के विनोबा बस्ती में दबिश देकर खेतों व घरों में मटकियों में भरी करीब 2 हजार लीटर वॉश व दो हथकढ़ शराब बनाने की भट्टी नष्ट की। इस दौरान मौके से पुलिस ने दस लोगों को गिरफ्तार कर एक बाइक व देशी कट्टा व 15 लीटर हथकढ़ शराब जब्त की। गौरतलब है कि एसपी के निर्देश पर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध हथिया, हथकढ़ शराब तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए सीओ सिटी सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में कोतवाली व मानटाउन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
सीओ सिटी तिवाड़ी ने बताया कि इस दौरान आरोपित अजहरूद्दीन निवासी दोबड़ा, ऋषि मीणा निवासी जाबरोल मुरैना, मुकेश काछी निवासी शिवलालपुरा सबलगढ़ (मप्र.), सूर्यप्रकाश कंजर निवासी विनोबा बस्ती को शांति भंग के आरोप में पकड़ा।
इसी प्रकार सोनू , सूर्यप्रकाश , दुर्योधन कंजर निवासी विनोबा बस्ती को आबकारी अधिनियम में गिरफ्तार किया तथा गिरफ्तारी वारंटी मदनलाल बैरवा निवासी खिलचीपुर, जुबेर फकीर निवासी नीम चौकी शहर को गिरफ्तार किया।
हिस्ट्रीशीटर व वांछित आरोपी भी पकड़ा
सीओ सिटी तिवाड़ी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सूरवाल थाने का हिस्ट्रीशीटर तथा कोतवाली थाने का आरोपी साजिद उर्फ टिल्लू निवासी दोबड़ा कलां को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चौथकाबरवाड़ा, मानटाउन, जीआरपी कोटा, महिला थाना, कोतवाली थानों में चोरी, मारपीट,चैन स्नेचिंग, लूट अवैध हथियार, दुष्कर्म आदि मामले दर्ज है।
खेतों व घरों में रखी थी वॉश
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग टीमें बनाई। तीनों टीमों ने एक साथ सुबह करीब चार बजे दबिश दी। इस दौरान बस्ती में पुलिस को देखते ही हड़कंप मच गया। लोग भागने लगे। इस दौरान घरों में व बस्ती के समीप खेतों में देशी शराब रखी हुई थी। साथ ही दो भट्टियों पर उन्हें तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने कच्ची शराब से भरे 50 मटके व दो भट्टी नष्ट की। इस दौरान कोतवाली थानाधिकारी प्रमोद शर्मा, मानटाउन के मुकेशचंद शर्मा, शहर चौकी प्रभारी आदि मौजूद थे।
Updated on:
18 Sept 2018 08:07 pm
Published on:
18 Sept 2018 08:07 pm
