
मलारना डूंगर बसव में बिजली के करन्ट से झुलसा बोर्ड दिखाती महिला।
मलारना डूंगर. थाना क्षेत्र के बसव कला गांव में सिंगल फेज ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के चलते करीब 4 घरों में बिजली का करन्ट दौड़ गया। इस दौरान घरों में लगे बिजली उपकरण फुंक गए। वहीं एक मकान का दरवाजा छूने से बिजली का करंट लगने से युवक का हाथ झुलस गया। वार्ड पंच मस्तराम मीणा ने बताया कि करन्ट से बाबूलाल पुत्र प्रसादी योगी के पंखा, कूलर, टीवी, फ्रिज सहित बिजली केबल, बोर्ड सहित कई घरेलू सामान जल गया।
इसी तरह पूनीराम पुत्र रामनिवास योगी, रामजीलाल पुत्र बिशनया योगी, केदार पुत्र परसादी योगी के भी नुकसान हुआ है। करंट की सूचना पर कालू पुत्र राधेश्याम योगी के मकान का दरवाजा छूते ही हाथ में करन्ट लगने से हाथ झुलस गया। नेहरू नवयुवक मण्डल अध्यक्ष जगदीश प्रसाद ने आरोप लगाया कि हादसे के समय ग्रामीणों ने बिजली ऑफिस में बिजली बन्द कराने के लिए फोन भी किया, लेकिन बिजली बन्द नहीं की। बाद में ग्रामीणों ने बांस के सहारे ट्रांसफार्मर का तार तोड़ा। तब बिजली बंद हुई। ग्रामीणों ने पीडि़तों को मुआवजा दिलाने व लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
Published on:
10 Dec 2018 01:43 pm
