
सवाईमाधोपुर कलक्ट्रेट में जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपते पार्षद।
सवाईमाधोपुर. नगर परिषद सभापति डॉ. विमला शर्मा व पार्षदों के बीच रार बढ़ती जा रही है। पार्षदों व सभापति के बीच की अनबन खुलकर सामने आ गई है। इसी को लेकर बुधवार को नगर परिषद के पार्षदों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर परिषद सभापति के खिलाफ सदन में अविश्वास प्रस्ताव दाखिल करने की मांग की।
सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल करने की मांग करने वालों में भाजपा के 25, कांग्रेस के दस व तीन निर्दलीय पार्षद शामिल है। पूर्व में भी सभापति से नाराज पार्षदों ने उपसभापति कपिल जैन के नेतृत्व में सभापति को पद से हटाने की मांग को लेकर नगर परिषद के बाहर धरने पर बैठे थे। अब फिर उप सभापति के नेतृत्व में विरोध का मोर्चा खोल दिया है।
पार्षद नगर परिषद सभापति की कार्य प्रणाली से बोर्ड गठन के बाद से ही नाराज है। बीते करीब तीन सालों में वे कई बार अपना विरोध दर्ज करा चुके हैं। पार्षदों ने सभापति पर मनमानी करने व नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों में बाधा डालने व पार्षदों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। सभापति के खिलाफ फेज वायर का भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में मामला दर्ज है। वहीं पार्षदों की समस्याओं की सुनवाई नहीं की जा रही है। इसके बावजूद उन्हें पार्टी ने पद पर बना रखा है।
कौन पार्षद विरोध में
अविश्वास की मांग करने वालों में भाजपा पार्षद मीना वाल्मीकि, प्रणव गौतम, विमलेश कंवर, सुनिता सिंहल, टिम्मा जैन, हंसराज सैनी, जगदीश माली, बिशनलाल, पार्वती, अलका शर्मा, डिग्गी, गीता सैनी, नरेश पहाडिय़ा, राजश्री, दीपक चौधरी, अदिल खान, नरगिस बानो, जैन प्रकाश, बलविन्दर कौर, संदीप शर्मा, हेमराज गुर्जर, रविन्द्र गुर्जर, उपसभापति कपिल जैन आदि शामिल हैं। निर्दलीय में साधना सिंह, राजेश गोयल, कमलेश आदि शामिल हैं। कांग्रेस की ओर से सुमित टटवाल, शैलेन्द्र सिंह, मोहसिना, फिरोज खान, विमल महावर, कविता, आदिल चौधरी, मनीषा, इशरत मिर्जा व प्रतिपक्ष नेता गिर्राज गुर्जर आदि मौजूद थे।
अब आगे क्या
किसी भी सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए नियमानुसार 3/4 यानि तीन चौथाई बहुमत होना आवश्यक है। यानि 34 पार्षदों का विरोध में आना जरूरी है। सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग को लेकर 38 पार्षद कलक्टर के पास गए थे। अब जिला कलक्टर के आदेश पर अविश्वास को लेकर एक माह के भीतर नगर परिषद बोर्ड की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें अगर तीन चौथाई पार्षदों ने अश्विास के पक्ष में समर्थन किया तो सभापति के खिलाफ अविश्वास आना तय है। ऐसे में नया ही सभापति बनाना होगा।
भाजपा अध्यक्ष से सीएम तक की थी शिकायत
पार्षदों ने भाजपा के मण्डल स्तर से उच्च स्तर तक शिकायतें की हैं। पिछले दिनों जयपुर में भी पार्षदों ने डेरा डालकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को शिकायत की थी। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जन संवाद कार्यक्रम के तहत जिले के दौरे पर आई मुख्यमंत्री से भी सभापति को पद से हटाने की मांग की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर पार्षद अब अविश्वास प्रस्ताव लाने पर अड़े हैं।
एक माह में बुलानी होगी बैठक
पार्षदों ने सभापति के खिलाफ अविश्वास को लेकर ज्ञापन सौंपा है। अब एक माह के भीतर बोर्ड की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें अविश्वास को लेकर निर्णय होगा। इसमें 3/4 पार्षदों का समर्थन होना जरूरी है। बोर्ड बैठक में जो निर्णय होगा। इसकी कार्रवाई रिपोर्ट डीएलबी को भेजी जाएगी। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई वहां से ही होगी।
पीसी पवन, जिला कलक्टर, सवाईमाधोपुर
मुझे अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जानकारी नहीं है।
डॉ. विमला शर्मा, नगर परिषद सभापति, सवाईमाधोपुर।
नगर परिषद में भ्रष्टाचार व मनमानी के विरोध में नगर परिषद के 38 पार्षदों ने जिला कलक्टर को अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है। आगे किस को सभापति बनाया जाएगा। इस पर अभी कुछ तय नहीं हुआ है
कपिल जैन, उपसभापति, नगर परिषद, सवाईमाधोपुर।
नगर परिषद सभापति की कार्यप्रणाली के खिलाफ पार्षदों ने जिला कलक्टर से अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है। सभापति के भ्रष्टाचार से जनता दुखी है।
गिर्राज गुर्जर, नेता प्रतिपक्ष, सवाईमाधोपुर।
Published on:
21 Jun 2018 01:01 pm
