
सत्ता के संग्राम में दिखा मतदान का उत्साह
गंगापुरसिटी . सत्ता के संग्राम में सोमवार को लोगों ने मतदान के प्रति खूब उत्साह दिखाया। शहर के आदर्श केन्द्र हों या दूरदराज गांव के मतदान केन्द्र। हर जगह अपनी पसंद की सरकार चुनने को लोग कतार में नजर आए। युवा जहां उत्साह से लबरेज नजर आए। वहीं ग्रामीण बूथों पर घूंघट की ओट में महिलाओं ने भी जोश के साथ मतदान किया। आलम यह था कि 85 साल के रज्जाक हों या 18 साल की दीपिका। वह अपने मत का प्रयोग करने के लिए कतारों में डटे रहे। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चला। गंगापुरसिटी में 61.65 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 2 लाख 40 हजार 797 मतदाताओं में से 1 लाख 48 हजार 443 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सुबह शहर के पंचायत समिति, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, केशवा एकेडमी एवं सालोदा राजकीय विद्यालय के साथ डिबस्या, छोटी उदेई, पीलोदा एवं सेवा के मतदान केन्द्रों पर रौनक नजर आई। हालांकि धूप चढऩे के साथ कतारें छोटी हुईं और दोपहर के समय कई जगह इक्का-दुक्का मतदाता ही पहुंचे। पारा चढऩे के कारण जहां मतदान का प्रतिशत लुढक़ा। वहीं तल्खी कम होने के बाद मतदान का प्रतिशत फिर से ऊंचाई पर पहुंचा। गंगापुर में मतदान शांतिपूर्ण तरीके संपन्न हुआ। एक-दो जगह ईवीएम मशीनों में जरूर दिक्कत आई, जिससे कुछ देर के लिए व्यवधान हुआ। बाद में मशीनों को दुरुस्त कर मतदान शुरू करा दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासन सतर्क नजर आए। सभी केन्द्रों पर सुरक्षा के इंतजामात पुख्ता रहे।
खाकी बनी मददगार
मतदान केन्द्रों पर लोगों को सहज मतदान कराने के लिए खाकी भी मददगार बनी नजर आई। पंचायत समिति के एक बूथ पर महिला कांस्टेबल ने बुजुर्ग एवं असहायों को मतदान कक्ष तक ले जाने और लाने में मदद की। कांस्टेबल ने बुजुर्गों को सहारा देकर उन्हें कक्ष तक पहुंचाया।
बदली ईवीएम
गंगापुरसिटी . मतदान के दौरान खानपुर बड़ौदा के बूथ 154 पर ईवीएम मशीन बदलनी पड़ी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खानपुर बड़ौदा के कमरा नंबर एक में ईवीएम में दोपहर ढाई बजे खराबी आने पर मशीन को बदला गया। इसी प्रकार सहजपुर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय स्थित मतदान केन्द्र 89 पर सुबह वीवीपेट बदली गई।
जोश, जुनून और जज्बे से गढ़ा ‘लोकतंत्र’
गंगापुरसिटी . चालीस डिग्री से ऊपर चढ़े तापमान में तप रही सडक़ पर यूं तो चलना सहज नहीं लग रहा था, लेकिन विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूत बनाने की जिद सोमवार को तल्खी पर भारी पड़ती नजर आई। दोपहर को तेज गर्मी से मतदाताओं के पैर ठिठके जरूर, लेकिन कारवां रुका नहीं। महिलाएं समूह में उल्लास से पहुंची तो युवा जोश से लबरेज होकर मत डालने आए। वृद्ध उम्र को पछाडक़र और दिव्यांग शारीरिक दुर्बलता को मात देकर बूथों तक पहुंचे। यह नजारे लोकसभा चुनाव में सोमवार को शहर की पॉश कॉलोनियों के साथ गांव की पगडंडियों पर नजर आए।
गंगापुर निवासी सुरजा (85) अपनी पोता बहू सुनीता के साथ उम्र को ठोकर मारकर लोकतंत्र के यज्ञ में आहूति देने पहुंंचीं तो पीलौदा में शांति देवी ने अपने परिजनों के सहारे लोकतंत्र को मजबूती दी। डिबस्या में किशोरी संजना ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने की जिम्मेदार हर शख्स की है। संजना ने पैरों में दर्द की शिकायत कर रही अपनी दादी को बूथ तक पहुंचाने का काम किया। वजीरपुर में व्यापारी केशव गुप्ता मतदान प्रतिशत को लेकर चिंतित नजर आए। दोपहर में तल्खी के साथ मतदान की धीमी हुई रफ्तार पर उन्होंने कहा कि लोग मतदान के प्रति जागरूक तो हुए हैं, लेकिन प्रतिशत कम होना देश के लिए चिंताजनक है। सच्चे मायनों में देश को बेहतर प्रतिनिधित्व अधिक से अधिक मतदान से ही मिल सकेगा।
लगता रहा हार-जीत का गणित
लोकसभा चुनाव में सोमवार को हुए मतदान के दौरान लोग हार-जीत का गणित लगाते नजर आए। पीलौदा में कांग्रेस समर्थक और वजीरपुर में भाजपा समर्थक ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए। मतदान केन्द्रों के बाहर भी लोग अपने-अपने तरीके से हार-जीत का गणित बिठाते नजर आए। कई ने मतदान प्रतिशत को लेकर दावे किए तो कई जातिगत आधार पर बढ़त की बात कहते नजर आए। आलम यह था कि हर मतदान केन्द्र के बाहर दावों की सरकारें नजर आईं।
यूं चला मतदान
समय मतदान प्रतिशत
9 बजे 12.29
11 बजे 26.02
1 बजे 36.23
3 बजे 43.84
5 बजे 53.12
6 बजे 61.65
... फिर भी डाला वोट
तलावड़ा . पैर में फ्रेक्चर होने के बाद भी युवा ने लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। कस्बे के युवक काडू सिंह राजावत का गत दिनों दुर्घटना में एक पैर फ्रेक्चर हो गया। इसके बाद भी वह अन्य लोगों की सहायता से उसने अपने मत का प्रयोग करने केन्द्र पर पहुंचा। कस्बा निवासी सरपंच रह चुके रघुनन्दन सिंह राजावत भी व्हील चेयर पर बैठकर मतदान केन्द्र पहुंचे, जहां सुरक्षाकर्मियों की मदद से उन्होंने वोट डाला।
कांग्रेस प्रत्याशी ने किया मतदान
बामनवास . उपखण्ड क्षेत्र में सोमवार को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। कुछेक स्थानों पर मतदान को लेकर आपस में मतदाता तथा समर्थकों के बीच कहासुनी की वारदातें होने की जानकारी है। बाकी मतदान शांतिपूर्ण रहा। कांग्रेस प्रत्याशी नमोनारायण मीना ने सुबह ग्राम पंचायत पट्टीखुर्द के राजीव गांधी ग्रामीण सेवा केन्द्र स्थित मतदान केन्द्र पर मतदान किया। मतदान के बाद कांग्रेस प्रत्याशी जाहिरा की तरफ रवाना हो गए। अधिकांश मतदान केन्द्रों पर सुबह ही मतदाताओं को मतदान के लिए जाते देखा गया। हालांकि मतदाताओं के एक-एक कर जाने से मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लाइनें नहीं दिखाई दी। मतदान समाप्ति के बाद दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वयं की पार्टी को मिलने वाले वोटों का गणित लगाते हुए हार-जीत का तोड़ निकालते देखा गया। दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए।
चारपाई पर पहुंची वृद्धा
वजीरपुर . उपखंड में शांति के साथ मतदान हुआ। कस्बे के 6 विद्यालयों के 9 बूथ केन्द्रों पर सुबह 10 बजे तक खासी भीड़ रही। दोपहर में गर्मी के कारण मतदाता कम दिखाई दिए। शाम को 4 बजे से एक बार फिर मतदाता केन्द्रों पर पहुंचे। केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था में जवान तैनात रहे। कस्बे के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शाम 5 बजे के बाद भरतपुर से संभागीय आयुक्त एवं एसडीएम सुनीता यादव ने बूथों का निरीक्षण किया। बीएलओ इकरार अहमद एवं मुजम्मिल अहमद ने बताया कुल 41 दिव्यांगों में से 30 दिव्यांगों ने अपने मत का प्रयोग किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदान के प्रति लोग उत्साहित नजर आए। मीना बड़ौदा गांव में लोग लोग एक वृद्धा को चारपाई पर लिटाकर मतदान कराने पहुंचे।
Updated on:
29 Apr 2019 09:14 pm
Published on:
29 Apr 2019 09:14 pm
