
Sawai Madhopur visit of Gurjar leader Kirori Singh Bainsla
बौंली/ गंगापुर सिटी/ सवाई माधोपुर। गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी बैंसला रविवार को बौंली दौरे पर रहे। देव छात्रावास के पास आयोजित हुई गुर्जर समाज की बैठक में बैंसला का स्वागत किया गया। बैठक में गुर्जर आरक्षण आंदोलन की गतिविधियों पर चर्चा की गई।वक्ताओं ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए गुर्जर समाज को धोखा देने की बात कहते हुए आरक्षण की लड़ाई में एक जुट होने की अपील की। कैप्टन हरिप्रसाद तंवर व एडवोकेट शैलेंद्र ने मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा का विरोध करने की बात कही।कर्नल किरोड़ी बैंसला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि 2000 पटवारियों की भर्ती में एमबीसी के तहत समाज को केवल एक सीट मिली, जो एक प्रतिशत आरक्षण के अनुसार भी 20 होनी चाहिए थी। साथ ही पूर्व में हुए समझौतों के क्रियान्वयन न होने के कारण बैंसला ने घोषणा की कि यदि सरकार द्वारा समाज की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो सवाईमाधोपुर आने वाली मुख्यमंत्री की गौरवयात्रा को बनास पुल से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी से जुड़ने के सवाल पर बैंसला ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि विभिन्न पार्टी के प्रतिनिधि राजनैतिक चर्चा के लिए आते हैं, लेकिन वे सिर्फ समाज के लिए लड़ेंगे।
वहीं करौली में गुर्जर समाज की ओर से शनिवार को आरक्षण के मामले को लेकर सरकार के प्रति रोष जताते हुए शहर की कलक्ट्री सर्किल पर मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर नारेबाजी की गई। गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी हाकिम सिंह गुर्जर के नेतृत्व में कलक्ट्रेट सर्किल पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। गुर्जर ने आरोप लगाया कि कई वर्षों से समाज आरक्षण की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकार ने अब तक कोई रास्ता नहीं निकाला है।
समझौता लागू नहीं होने के विरोध में फूंका पुतला
उन्होंने 19 मई को हुए समझौते को लागू नहीं करने के विरोध में पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि आरक्षण का मसला नहीं होने को लेकर गुर्जर समाज पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री की राजस्थान गौरव यात्रा का विरोध करेगा। सरकार ने समाज को बार-बार अपने अधिकार के लिए सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर किया है। भरतपुर संभाग में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा को लेकर गुर्जर बहुल क्षेत्रों में आक्रोश के चलते विरोध का सामना करना पड़ेगा। इसके लिए संघर्ष समिति की ओर से रणनीति बनाई जा रही है। सवाई माधोपुर, करौली एवं भरतपुर सभी जिलों में यात्रा का विरोध किया जाएगा।
Published on:
12 Aug 2018 06:33 pm
