9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Sawai Madhopur :मोबाइल चोरी के शक में चार बहनों के इकलौते भाई की हत्या, देर रात उठाकर ले गए थे, सवेरे शव फेंक गए

Youth Murdered Over Mobile Theft: Mobile चोरी के शक में 18 वर्षीय युवक को थार में अगवा कर कथित तौर पर रातभर पीटा गया। शनिवार सुबह युवक का शव गांव के बाहर मिला। परिजनों ने 10 से 15 युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

2 min read
Google source verification
मुर्दाघर के बाहर जमा परिजन और पुलिस

मुर्दाघर के बाहर जमा परिजन और पुलिस, फोटो - पत्रिका

Murder News: सवाई माधोपुर जिले में मोबाइल चोरी के शक में 18 वर्षीय युवक की मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। मृतक मखुश पुत्र सुखराम निवासी उलियाना गांव था, जो चार बहनों का इकलौता भाई बताया जा रहा है। परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर युवक को जबरन अगवा कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार मामला कुंडेरा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार देर रात गांव के कुछ युवकों ने मखुश पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया। इसके बाद करीब 10 से 15 युवक एक निजी थार वाहन में आए और मखुश को जबरन अपने साथ ले गए। परिवार ने विरोध भी किया, लेकिन आरोपियों ने किसी की नहीं सुनी। परिजनों का कहना है कि युवक को रातभर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया।

सुबह गांव के बाहर मिला शव

शनिवार सुबह करीब 6 बजे सूरवाल थाना इलाके के एक गांव के बाहर युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मखुश के रूप में की। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि कानून हाथ में लेकर किसी युवक को इस तरह सजा देना बेहद खतरनाक प्रवृत्ति है। मृतक की मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते पुलिस को सूचना दी जाती या युवक को कानूनी प्रक्रिया के तहत सौंपा जाता तो उसकी जान बच सकती थी।

हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान, घटनास्थल के साक्ष्य और कॉल डिटेल के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस आसपास के गांवों में दबिश देकर संदिग्ध युवकों की तलाश कर रही है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।