
लेबर रूम में बढ़ेगा स्टाफ
गंगापुरसिटी . चिकित्सा विभाग के प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य (आरसीएच) निदेशक डॉ. श्रीराम मीना ने गुरुवार को सामान्य चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लेबर रूम, जननी वार्ड व एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर दिशा-निर्देश प्रदान किए। डॉ. मीना ने सबसे पहले लेबर रूम का निरीक्षण किया।
इसके बाद जननी वार्ड व एसएनएसयू वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद डॉ. मीना ने बताया कि लेबर रूम का कमरा छोटा है। इसे चेंज करने अथवा विस्तार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रसव की संख्या को देखते हुए स्टाफ की कमी है। कम से कम पांच स्टाफ की और आवश्यकता है। उन्होंने दो माह में अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था होने का आश्वासन दिया।
सुविधाओं की ली जानकारी
निदेशक मीना ने जननी वार्ड में निरीक्षण के दौरान प्रसूताओं से चिकित्सालय की ओर से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। दलिया, दवा, टीकाकरण के बारे में पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन से प्रसव वाली महिलाओं के लिए अगल से पलंगों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में दिए निर्देश
निरीक्षण के बाद निदेशक मीना ने चिकित्सकों की बैठक भी ली। इस दौरान उन्होंने डॉ. विजेन्द्र गुप्ता से ब्लड बैंक व लैब में जांच सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं पर चर्चा कर सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। पार्टीशन पर वार्ड शिफ्ट करने व डीडीसी की संख्या बढ़ाने को कहा। साथ ही और फॉर्मासिस्ट लगाने की बात कही। इस मौके पर सीएमएचओ डॉ. तेजराम मीना व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. जी. बी. सिंह सहित अन्य चिकित्सक मौजूद थे।
Updated on:
02 May 2019 08:43 pm
Published on:
02 May 2019 08:43 pm
