
jipsy
सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में मौजूदा पर्यटन सत्र में परेशानियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व में पर्यटन सत्र के आगाज के समय वाहन मालिकों , चालकों व अन्य ने पार्क भ्रमण के वाहन शुल्क में वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन किया था। इसके बाद सीसीएफ के साथ ही वार्ता में वाहन शुल्क में वृद्धि करने पर सहमति बनी थी। विभाग ने पार्क भ्रमण की दरें सोमवार से लागू करने की बात कही थी लेकिन सोमवार से भी नई दरें लागू नहीं हो सकी। इससे वाहन चालकों में रोष है।
सॉफ्टवेयर नहीं चलने से अटकी वृद्धि
विभाग की ओर से वाहन शुल्क में वृद्धि करने ेके साथ ही पर्यटकों से बढ़ाई गई दरों का डिफरेंस काटने व पर्यटकों को रसीद देने के लिए नया सॉफ्टवेयर विकसित किया गया था इसके लिए मशीन भी मंगा ली गई थी लेकिन सोमवार को सॉफ्टवेयर नहीं चलने के कारण दरें नहीं बढ़ाई जा सकी।
फिर से होगी सॉफ्टवेयर की जांच
सॉफ्टवेयर के बंद होने के बाद अब डीओआईटी की टीम की ओर से सॉफ्टवेयर की फिर से जांच की जाएगी और सॉफ्टवेयर की खामियां दुरूस्त की जाएगी। खामियों के दुरूस्त होने के बाद से नई दरें लागू की जाएंगी।
वाहन मालिकों में रोष
इधर पार्क भ्रमण की दरों में इजाफा नहीं होने के कारण वाहन मालिकों में रोष है। वाहन मालिकों का कहना है कि वन विभाग दरें नहीं बढ़ाने के लिए बाहने बना रहा हैं। उन्होंने जल्द ही दरों में वृद्धि नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
इनका कहना है....
सोमवार को सॉफ्टवेयर काम नहीं करने के कारण नई दरें लागू नहीं की जा सकी। अब सॉफ्टवेयर में सुधार कर नई दरों को लागू किया जाएगा।
- अजीत सक्सेना, उपवन संरक्षक(पर्यटन), रणथम्भौर बाघ परियोजना।
Updated on:
16 Oct 2018 11:27 am
Published on:
16 Oct 2018 11:27 am
