
सवाईमाधोपुर आलनपुर स्थित चमत्कारजी जैन मंदिर में केश लोंच करते सुकुमालनंदी।
सवाईमाधोपुर. आलनपुर स्थित चमत्कार जैन मंदिर में चातुर्मास कर रहे सुकुमालनंदी का शुक्रवार को केश लोंच कार्यक्रम हुआ। वर्षायोग समिति के प्रचार-प्रसार मंत्री प्रवीण कुमार जैन ने बताया कि सुकुमालनंदी को विनयांजलियां अर्पित कीइस दौरान आचार्य के गृहस्थ अवस्था की माता सरोज पाटौदी, मंजू काला, निर्मला गंगवाल, अंजू पाटौदी, वर्षायोग समिति के स्वागताध्यक्ष व समाज अध्यक्ष पदम कुमार छाबड़ा एवं दिनेश गंगवाल आदि मौजूद थे। इस अवसर पर सुकुमालनंदी ने श्रावकों को संबोधित करते हुए शरीर, संसार और भोग तीन प्रकार का वैराग्य बताया और कहा कि जिसके भीतर यदि वैराग्य नहीं है तो वह केश लोंच कर ही नहीं सकता। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
श्रमिकों की समस्याओं पर चर्चा
सवाईमाधोपुर. एटक के तत्वावधान में गुरुवार को महावीर पार्क में श्रमिक सम्मेलन हुआ। इसमें श्रमिकों की समस्याओं पर चर्चा की गई। महासचिव रामगोपाल गुणसारिया ने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डीके छंगाणी ने संगठन के उद्देश्यों व गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। सम्मेलन में नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित कराने, होटलों में स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने आदि कई मांगे करने का निर्णय किया गया। साथ ही संगठन की नई कमेटी का गठन भी किया। इसमें सर्वसम्मति से जीएल शर्मा को अध्यक्ष, छोटेलाल व शबनम को उपाध्यक्ष, दुर्गालाल व रईस को सह सचिव व रामसिंह चौहान को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
कृषि विज्ञान केन्द्र का किया भ्रमण
सवाईमाधोपुर. खैरदा स्थित एक निजी स्कूल के कृषि संकाय के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को कृषि पर्यवेक्षक इमरान खान के नेतृत्व में करमोदा स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र का भ्रमण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को कृषि केन्द्र की महत्ता एवं कई प्रकार के प्रयोग एवं प्रयोगशाला में मिट््टी जांच एवं फसल सुरक्षा संबंधित जानकारी दी। साथ ही नर्सरी एवं अमरूद की खेती के बारे में भी बताया। अमरूदों में फैलने वाले नीमेटोड रोग से बचाव संबंधित जानकारी दी।
शिविर में दी कानूनी जानकारी
खण्डार. तालुका विधिक सेवा समिति खंडार के अध्यक्ष एवं सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्टे्रट तापस सोनी ने लोहार बस्ती रामेश्वर मोड में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इसमें न्यायाधीश ने उपस्थित लोगों को लोक अदालत, विधिक सहायता, पोक्सो एक्ट, मध्यस्ता कार्यक्रम, पीडि़त प्रतिकर स्कीम, नालसा व रालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत करवाया। इस मौके पर पैनल अधिवक्ता नागाराम मीणा, पीएलवी बैकुंठ नाथ मिश्रा, महेश बैरवा, आलोक नाथ आदि उपस्थित थे।
विद्युत शिविर कल
सवाईमाधोपुर. जयपुर विद्युत वितरण निगम की ओर से दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना के तहत घरेलू कनेक्शन देने के लिए सवाईमाधोपुर वृत के उपखण्ड कार्यालयों के अधीन ग्राम पंचायतों में 2 सितम्बर को शिविर होंगे। अधीक्षण अभियन्ता मूलचंद चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत सवाई माधोपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत खटुपुरा में, बौंली की झनून में, खण्डार की छाण, गंगापुर सिटी की सलेमपुर में एवं बामनवास पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नारौली चौड़ में शिविर होंगे। शिविर में एपीएल/बीपीएल धारकों को घरेलू कनेक्शन की आवेदन पत्रावली स्वीकार कर यथा संभव उसी दिन कनेक्शन जारी किए जाएंगे।
Published on:
01 Sept 2018 04:43 pm
