
सरकार पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप
गंगापुरसिटी (बामनवास) . भारतीय किसान संघ के बैनर तले यहां मोरासागर बांध पर शुक्रवार को आयोजित किसान महापंचायत में किसानों की समस्याओं पर मंथन करते हुए राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
अधिकांश वक्ताओं का कहना रहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनावों से पूर्व किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी दस दिन में किए जाने का वादा किया था, लेकिन अब तक इस मामले में किसानों को असमंजस में रख रखा है। दूसरी तरफ सर्दी के मौसम में भी अधिकांश इलाकों में दिन के बजाय रात में बिजली की आपूर्ति की जा रही है। हाड़ कंपाती सर्दी में फसलों की सिंचाई कर किसान बीमार पड़ रहे हैं।
रात में जंगली जानवरों के हमले का डर भी उनको सताता रहता है। गत दिनों क्षेत्र के कई गांवों में ओलावृष्टि हुई, जिससे बहुत नुकसान हुआ, लेकिन मुआवजा तथा गिरदावरी को लेकर अभी तक सरकार की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किए हैं। महापंचायत में मुख्य अतिथि बतौर किसान संघ के जिला अध्यक्ष रामावतार मीना शामिल हुए। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार भले ही किसी भी पार्टी की हो। किसानों को अपने हक की लड़ाई लडऩी होगी। तब जाकर ही उनको हक मिल पाएगा।
उन्होंने ओलावृष्टि प्रभावित किसानों के बिजली के बिल माफ करने एवं उचित मुआवजा दिए जाने की मांग प्रमुखता से रखी। तहसील अध्यक्ष अमरसिंह मीना, एबीवीपी के जिला संयोजक मनीष मीना, बच्चूसिंह मीना सहित कई वक्ताओं ने इस मौके पर अपने विचार व्यक्त किए।
Published on:
01 Feb 2019 08:45 pm
