
employment office
सवाईमाधोपुर.नई राज्य सरकार की ओर से हाल ही में बेरोजगारी भत्ते में वृद्धि करके साढ़े तीन हजार रुपए करने की घोषणा करने के बाद आजकल ई मित्र सेवा केन्द्रों व रोजगार कार्यालय पर बेरोजगारी भत्ते के लिए पंजीयन कराने के लिए बेरोजगार युवाओं की भीड़ उमड़ रही है। गौरतलब है कि सरकार ने हाल ही में शपथ ग्रहण समारोह में बेरोजगारी भत्ते को बढ़ाकर साढ़े तीन हजार करने की घोषणा की थी। इसके बाद से ही युवाओं में आस जगी है और ई मित्र सेवा केन्द्रों पर पंजीयन कराने के लिए युवा उमड़ रहे हैं।
अब तक नहीं मिले आदेश
राज्य सरकार की ओर से बेरोजगारी भत्ते में वृद्धि करने के लिए अभी केवल मौखिक तौर पर ही घोषणा की गई है। अब तक जिले के रोजगार कार्यालय में इस संबंध में कोई आदेश नहीं मिले हैं, लेकिन इसके बाद भी रोजाना सैंकड़ों युवा बेरोजगारी भत्ते में वृद्धि की जानकारी करने रोजगार कार्यालय पहुंच रहे हैं।
इस प्रकार मिल रहा भत्ता
बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिलने की स्थिति में सरकार ने 2012 में बेरोजगारी भत्ते की योजना शुरू की थी। इसके तहत राजस्थान के किसी भी विश्वविद्यालय से स्नातक उत्तीर्ण महिला को प्रतिमाह 750 व पुरूष को 650 रुपए देने का प्रावधान है। सामान्य बेरोजगार के तीस वर्ष के होने तक, एससीएसटी व दिव्यांग को 35 वर्ष तक यह सुविधा दी जाती है। वर्तमान मेें जिला रोजगार कार्यालय में 15 हजार से अधिक बेरोजगार पंजीकृत हैं।
इनका कहना है...
राज्य सरकार ने बेरोजगारी भत्ते में वृद्धि करने की घोषणा की है। लेकिन अब तक इस संबंध में कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं।
- हरीश नैनकवाल, जिला रोजगार अधिकारी, सवाईमाधोपुर।
Published on:
11 Jan 2019 02:17 pm
