गंगापुरसिटी. परिश्रम का कोई दूसरा विकल्प नहीं होता है। कुछ कर दिखाने का सपना केवल परिश्रम से ही पूरा किया जा सकता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है छात्र राकेश कुमार मीणा ने। राकेश ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा नीट के परिणाम में ऑल इंडिया स्तर पर एसटी वर्ग में 30वीं रैंक प्राप्त की है। छात्र यहां आदर्श नगर स्थित प्रज्ञा एकेडमी का नियमित छात्र है।
मूलत: धौलपुर जिले के सरमथुरा स्थित डांग के बीहड़ गांव शीतलपुरा के रहने वाले छात्र के गांव में साक्षरता बेहद कम हैं। छात्र पहला डॉक्टर बनेगा। पिता पप्पूलाल के एक बार स्कूल आवेदन पर अंगूठा लगाते वक्त किसी के हंसने पर उसने कहा कि पिता चाहे कैसे भी रहे, लेकिन वह डॉक्टर बनकर दिखाएगा। इसी जिद्द और जुनून के चलते राकेश जीत गया। उसकी मां निरक्षर है। बेटे की जिद्द पर परिवार के लोगों ने गंगापुरसिटी में कैमिस्ट्री के वरिष्ठ शिक्षक राजेन्द्र छीपा से संपर्क कर छात्र को पढ़ाने का आग्रह किया। शिक्षक ने स्वयं के खर्चें पर प्रज्ञा एकेडमी में दाखिल करा दिया। छात्र के जुनून और मेहनत रंग लाई। फिजिक्स वरिष्ठ शिक्षक देवेन्द्र भावसार बताते है कि छात्र की मेहनत को देखकर उसके लिए विशेष शिक्षकों के मार्गदर्शन में रखकर अध्ययन कराया गया। था।