
बाघ का क्षत विक्षत शव। फोटो- पत्रिका
सवाई माधोपुर। वन विभाग की टीम को मंगलवार को फलोदी रेंज के हिंदवाड़ क्षेत्र की पहाड़ियों में एक युवा बाघ टी-2402 का क्षत-विक्षत शव मिला। नियमित गश्त पर निकली टीम की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, तुरंत अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद वन विभाग का जाप्ता मौके पर पहुंचा और कठिन पहाड़ी इलाके से शव को कब्जे में लेकर शहर के राजबाग नाके तक लाया गया। यहां प्रशासनिक और वन अधिकारियों की मौजूदगी में चिकित्सकों की टीम ने बाघ का पोस्टमार्टम किया।
यह वीडियो भी देखें
सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बाघ के शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। यह घटना क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली मानी जा रही है। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ लैब जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बाघ टी-2402, बाघिन टी-99 की संतान था। उसकी उम्र करीब साढ़े चार साल बताई जा रही है। यह बाघ हाल के समय में अपने लिए नया इलाका स्थापित करने की प्रक्रिया में था और इसी कारण वह लगातार गतिविधियों में सक्रिय नजर आ रहा था। युवा अवस्था में होने के चलते उसके व्यवहार और मूवमेंट पर विभाग की विशेष नजर बनी हुई थी।
वन विभाग की टीम इस बाघ की लगातार ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग कर रही थी। अधिकारियों के अनुसार, बाघ के निर्धारित क्षेत्र पर एक अन्य वयस्क नर बाघ के कब्जा करने के संकेत मिल रहे थे। इसी वजह से इलाके में पिछले कुछ समय से सर्च अभियान भी चलाया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में मामला दो नर बाघों के बीच क्षेत्रीय संघर्ष का प्रतीत हो रहा है, जो वन्यजीवों में आम लेकिन खतरनाक स्थिति मानी जाती है। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकों ने बाघ के शरीर से विभिन्न सैंपल लिए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। इन रिपोर्टों के आधार पर यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाघ की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
रणथम्भौर बाघ परियोजना के उपवन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि फलोदी रेंज में एक युवा बाघ का शव मिलने की सूचना के बाद मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत बाघ का अंतिम संस्कार कर दिया गया। यह भी कहा कि बाघ के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।
Published on:
28 Apr 2026 08:11 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
