
रणथम्भौर रोड पर जमा भीड़
सवाईमाधोपुर. यहां दो जगहों पर अलग-अलग हादसों में दो कैंटरों ने दो बाइक सवार की जान ले ली। रणथम्भौर रोड स्थित वन विभाग कार्यालय के सामने शुक्रवार को कैंटर ने एक बाइक सवार को कुचल दिया। इससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही बाइक पर सवार महिला गंभीर घायल हो गई। महिला को आनन-फानन में रणथम्भौर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विज्ञान नगर निवासी रामेश्वर जांगिड़ (61) अपनी पत्नी के साथ अपराह्न बाइक पर सवार होकर बजरिया की ओर जा रहा थे, तभी वन विभाग कार्यालय के सामने एक कैंटर ने बाइक को तेज गति में टक्कर मार दी, इससे रामेश्वर जांगिड़ छिटक कर सड़क पर गिर गए और उनके सिर पर कैंटर का पहिया चढ़ गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी भी गंभीर घायल हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कैंटर के रजिस्ट्रेशन नंबर भी नोट किए हैं। जिसे पुलिस को दिए। कैंटर चालक कैंटर को लेकर मौके से फरार हो गया।
कैंटर ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर हुई मौत
सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर रोड स्थित छारौदा में भी शाम करीब साढ़े पास बजे कैंटर की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। गणेश धाम चौकी प्रभारी नोबेल सैनी ने बताया कि शाम को छारौदा के जीएसए के पास कैंटर की चपेट में एक बाइक सवार आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रामकेश मीणा पुत्र मोजीराम मीणा निवासी उलियाना से गांव की ओर जा रहा था तभी कुण्डेरा की ओर से तेज गति में आ रहे एक कैंटर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। पुलिस कैंटर की तलाश कर रही है।
पिकअप की टक्कर से घायल : सवाईमाधोपुर. गंभीरा में शुक्रवार रात नौ बजे पिकअप की टक्कर से एक व्यक्ति घायल हो गया जिसे परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल चौकी प्रभारी हरिमोहन जाट ने बताया कि घायल मुकुट मीना(35) पुत्र भैंरूलाल मीना निवासी गंभीरा है। वह रात नौ बजे सवाईमाधोपुर से गंभीरा गांव जा रहा था। सामने से तेज गति से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी।
Published on:
29 Dec 2018 01:24 pm
