
प्रत्येक वाहन का होगा भौतिक सत्यापन
करौली. बिना फिटनेस चल रही एक निजी स्कूल की जर्जर बस से बालक यश की दर्दनाक मौत के बाद अब परिवहन विभाग जागा है। विभाग ने सोमवार को जिले में अभियान चलाकर बिना फिटनेस के चल रहे 304 स्कूल वाहनों के पंजीयन निरस्त किए हैं। परिवहन विभाग के मुताबिक जिले में निजी शिक्षण संस्थाओं के नाम से कुल 580 वाहन पंजीकृत हैं। इनमें से 304 वाहनों के पास फिटनेस प्रमाण पत्र ही नहीं है। अधिकांश संस्थाओं ने वाहनों के फिटनेस का नवीनीकरण नहीं कराया है। परिवहन विभाग ने इन स्कूल वाहनों के पंजीकरण निरस्त कर दिए। साथ ही स्कूल संचालकों को नोटिस भी जारी किए हैं।
प्रत्येक वाहन का होगा भौतिक सत्यापन
परिवहन अधिकारियों ने बताया कि अब नए सिरे से फिटनेस प्रमाण पत्र और पंजीयन की कार्रवाई से पहले प्रत्येक स्कूल वाहन का परिवहन निरीक्षक भौतिक सत्यापन करेंगे। सत्यापन की कार्रवाई में बस की स्थिति के साथ यह भी देखा जाएगा कि स्कूल वाहनों के मापदण्डों के अनुसार सभी सुविधा और सुरक्षा प्रबंध हैं या नहीं।
नए सिरे से जारी होंगे
580 वाहनों में से 304 के पास फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं है। इन सभी के पंजीयन निरस्त किए हैं। अब मापदंडों के अनुसार सुरक्षा और सुविधा उपलब्ध होने पर नए सिरे से फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। इसके बाद पंजीयन की कार्रवाई होगी।
गिरेश अग्रवाल, जिला परिवहन अधिकारी, करौली
Published on:
26 Feb 2019 03:30 pm
