
अनियंत्रित होकर खाई में उल्टा पड़ा हुआ ट्रैक्टर एवं मौजूद ग्रामीण।
भाड़ौती. ग्राम पंचायत गंभीरा के भारजा नदी गांव में शुक्रवार शाम को एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया, जिसमें चालक गंभीर घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की सहायता से ट्रैक्टर को सीधा कर चालक बाहर निकाल कर निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गंभीरा सरपंच रामअवतार ढोली पुत्र धर्मेन्द्र ढोली व कालूराम पुत्र दिलकुश मीणा निवासी भारजा नदी अपने ट्रैक्टर से गांव के रामद्वारा की ओर निचले गांव में अपने पानी के टैंकर को लेने जा रहे थे। सरकारी स्कूल के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, जिसमें सरपंच पुत्र धर्मेंद्र ढोली गंभीर घायल हो गए। घायल को सवाई माधोपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
बाइक भिड़ंत में पांच घायल एक युवक की हालत गम्भीर, किया रैफर
बहरावण्डा खुर्द. सवाई माधोपुर-श्योपुर सड़क मार्ग पर बहरावण्डा खुर्द-दौलतपुरा गांव के बीच शुक्रवार को दो बाइकों में आमने सामने की भिड़ंत हो गई। दोनों बाइकों में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी 5 युवक गिरकर चोटिल हो गए। एक युवक के गम्भीर चोटें आई हैं। घटना में चोटिल युवकों को इलाज के लिए सीएचसी बहरावण्डा खुर्द लाया गया, जहां से अधिक चोटिल युवक की हालत गम्भीर देखते हुए सवाई माधोपुर जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।
पुलिस चौकी बहरावण्डा खुर्द के कॉन्स्टेबल जीतराम चौधरी ने बताया कि शुक्रवार शाम बहरावण्डा खुर्द की तरफ से तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर श्योपुर की तरफ जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो युवक श्योपुर की तरफ से बहरावण्डा खुर्द की ओर आ रहे थे। बहरावण्डा खुर्द और दौलतपुरा गांव के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बाइक सवार ने तेज गति में बड़े चौपहिया वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन किसी प्रकार उनका संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें सभी बाइक सवार सड़क पर दूर तक फिसल गए। गनीमत रही उस वक्त कोई बड़ा वाहन सड़क मार्ग से नहीं गुजर रहा था।अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
दुर्घटना में रामनरेश बैरवा पुत्र मोरपाल बैरवा निवासी अम्बेडकर नगर श्योपुर, नरेश बैरवा पुत्र हीरालाल बैरवा निवासी तिल्ली डेरा श्योपुर सहित दूसरी बाइक पर सवार गौरव बैरवा पुत्र हरिशंकर बैरवा, कमलेश बैरवा पुत्र बजरंग बैरवा, राकेश बैरवा पुत्र लड्डू बैरवा निवासी बहरावण्डा खुर्द घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए बहरावण्डा खुर्द सीएचसी लाया गया, जिनमें गम्भीर घायल कमलेश बैरवा को उपचार के लिए सवाई माधोपुर जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।
Published on:
13 Apr 2019 12:57 pm
