
बच्चों को पिलाएंगे विटामिन ए की खुराक
गंगापुरसिटी . क्षेत्र में मंगलवार से आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाने का अभियान शुरू हुआ। यह खुराक 30 मई तक सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों को दी जाएगी।
आरबीएसके चिकित्साधिकारी डॉ. कपिलदेव जैमनी ने मंगलवार सुबह एक बच्ची को विटामिन ए की खुराक पिलाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। डॉ. जैमनी ने बताया कि योजना के 36वें चरण के तहत 9 माह से 5 वर्ष तक के बालकों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी ताकि कोई भी बच्चा विटामिन ए की कमी से पीडि़त ना रहे। इस अवसर पर आरबीएसके की डॉ. आशा ढढ़ोरिया, एएनएम रीना मीना एवं फार्मासिस्ट राजेश गौत्तम आदि मौजूद रहे।
बामनवास. महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाने का अभियान मंगलवार से शुरू किया गया, जो 31 मई तक चलेगा। इस एक माह की अवधि में 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की दवा पिलाई जा सकेगी।
ग्राम पंचायत पट््टी खुर्द के आंगनबाड़ी केन्द्र संख्या पांच पर महिला पर्यवेक्षक संतोष गौतम ने एक बच्चे को दवा पिलाकर अभियान का श्रीगणेश किया गया। सरपंच प्रतिनिधि बतौर समय सिंह मीना इस मौके पर उपस्थित रहे। महिला पर्यवेक्षक ने कहा कि विटामिन ए की दवा साल में दो बार पिलाई जाती है। इसके सेवन से आंखों की बीमारी जैसे रतौंधी, अंधता से बचाव के साथ बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा मिलता है। बच्चों को निमोनिया और दस्त जैसी घातक बीमारियों से भी बचाया जा सकता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजुल देवी जैन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र पर कुल 25 बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाई गई।
Updated on:
30 Apr 2019 09:08 pm
Published on:
30 Apr 2019 09:08 pm
