
sawaimadhopur vidhan sabha election 2018
सवाईमाधोपुर . विधानसभा चुनाव के तहत जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को होने वाली मतगणना की तैयारियों को अंतिम दे दिया है। जिले की सवाईमाधोपुर, गंगापुरसिटी, खण्डार एवं बामनवास सीटों पर खड़े 47 प्रत्याशियों की तकदीर का फैसला होगा। जैसे परिणाम घोषणा की घड़ी आ रही है, वैसे प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई।
कोई मंदिर में तो कई अन्य देवालयों में हाजिरी देकर जीत की मन्नत करता नजर आया। जिला निवार्चन अधिकारी पीसी पवन ने बताया कि सबसे पहले डाकमत पत्रों की गणना होगी। इनकी गणना में करीब आधा घंटे का समय लगेगा। इसके बाद ईवीएम मशीनों को खोला जाएगा। मतगणना के लिए साहूनगर स्थित मतगणना स्थल पर 56 टेबलें लगाई गई हैं। एक टेबल पर तीन कार्मिक तैनात किए जाएंगे। मतगणना रिटर्निंग ऑफिसर एपं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की निगरानी में होगी। साथ ही चुनाव पर्यवेक्षक भी मौजूद रहेंगे।
प्रत्येक विस की गणना में 20 राउंड
जानकारी के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की गणना में 20 राउंड होंगे। एक राउंड में 14 पोलिंग बूथों की गणना होगी। करीब दौ सौ से ज्यादा कार्मिक गणना में लगाए जाएंगे। पहले राउंड की गणना में करीब आधा घंटे का समय लगेगा, लेकिन इसके बाद होने वाले राउंड में करीब 15 से 20 मिनट का समय लगेगा।
बामनवास की व्यवस्था दो कमरों में
बामनवास विधानसभा क्षेत्र की गणना दो कमरों में होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कमरा छोटा होने के कारण दो कमरों में व्यवस्था की है। प्रत्येक कमरे में सात-सात टेबलें लगेंगी। एक कमरे में रिटर्निंग अधिकारी तो दूसरे कमरे में सहायक रिटर्निंग अधिकारी की निगरानी में मतगणना होगी।
11 का अजीब संयोग
मतगणना में 11 अंकों का अजीब संयोग है। मतगणना की तारीख 11 दिसम्बर है। वहीं प्रत्याशी 47 हैं, इनको 4+7 करें तो आंकड़ा 11 का बैठता है। इसी प्रकार मतगणना के लिए 56 टेबलें लगाई हैं। इनका भी 5+6 करें तो इनका योग भी 11 ही बैठता है।
Published on:
11 Dec 2018 06:00 am
