
खेलते-खेलते मोबाइल से बैटरी भटी, दस वर्षीय मासूम हुआ घायल
सीहोर। आदिवासी गांव कोसमी में अपने दादा के मोबाइल से खेलते-खेलते एक दस वर्षीय बालक द्वारा बैटरी निकालना उस समय काफी महंगा सौदा साबित हुआ। जब तेज आवाज के साथ बैटरी फट गई और मासूम लहूलुहान हो गया। मासूम को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे भोपाल रेफर कर दिया गया।
आज के मोबाइल क्रांति के दौर में घर घर बच्चे मोबाइल से खेलते आसानी से देखे जा सकते है। मगर जरा सी असावधानी बच्चे की जान से खिलवाड़ भी कर सकता है। नसरुल्लागंज तहसील के आदिवासी गांव कोसमी में एक 10 साल का बालक दिलीप अपने दादा रेेम सिंह का मोबाइल लेकर खेल रहा था। बताया जाता है कि खेल-खेल में बालक दिलीप ने मोबाइल की बैटरी निकाल ली। खोजी बाल मन बैटरी के पाइंट से तार जोड़कर खेलने में व्यस्त हो गया, लेकिन तभी एक धमाका हुआ और जब तक परिजन वहां पहुंचते, तब तक बालक दिलीप का सीधा पंजा और छाती लहूलुहान हो चुकी थी।
घबराए परिजन तत्काल उसे लेकर जिला अस्पताल आए, जहां उसके प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखकर डाक्टरों ने हमीदिया अस्पताल भोपाल रेफर कर दिया। परिजन भी समझ नहीं पा रहे की आखिर ऐसा क्या हुआ कि बैटरी में ब्लास्ट हो गया। हालांकि बालक दिलीप जिला अस्पताल में भर्ती अपने परिजनों से बात तो कर रहा है, लेकिन छाती और हाथ के पंजे में ज्यादा चोट लगने से उसकी आंतरिक हालत फिलहाल नाजुक मानी जा रही है।
इसी के चलते डाक्टरों ने उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में मासूम के दादा रेम सिंह ने बताया कि उसके पोते ने उसका मोबाइल लेकर खेल रहा था, कुछ देर बाद अचानक मोबाइल फटने की आवाज आई। वहीं इस मामले में जिला अस्पताल के डॉक्टर आरके खरे ने बताया कि मोबाइल बैटरी फटने से घटना हुई है। मासूम की हालत ठीक है।
Published on:
9 Jun 2018, 4:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.