
हाथों में बैनर लेकर महिलाओं ने निकाला कैंडल मार्च, संभागीय दल करेगा प्रसूता की मौत की जांच
सीहोर। हाथों में बैनर लेकर निकली महिलाओं ने प्रसूता की मौत को लेकर कैंडल मार्च निकाल कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस कैंडल मार्च में सर्वदलीय समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल थे। इधर, मामले में क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं भोपाल संभाग भोपाल ने तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया है। दल आगामी 12 जुलाई को सीहोर पहुंचकर बारीकी से जांच करेगा। जिससे घटना की पूर्ण जानकारी मिल सके।
सीएमएचओ डॉ.प्रभाकर तिवारी ने बताया कि प्रकरण में मृत्यु की निष्पक्ष जांच संभाग स्तर से कराने हेतु जांच दल गठित किए जाने के संबंध में क्षेत्रीय संचालक को पत्र लिखा था। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं भोपाल संभाग भोपाल के जारी आदेश के अनुसार गठित तीन सदस्यीय जांच दल में डॉ. कीर्ति डाले, स्त्रीरोग विशेषज्ञ एवं अधीक्षक डॉ. के एन चिकित्सालय भोपाल, डॉ. सुरेश कुमार विकरोल उप संचालक कार्यालय क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं भोपाल, डॉ. रजी फराज आरएमएन सीएचए संभागीय समन्वयक कार्यालय क्षेत्रीय संचालक भोपाल संभाग भोपाल को शामिल किया गया है।
सीएमएचओ ने कहा जांच दल द्वारा 12 जुलाई को प्रकरण की जांच की जाएगी। ज्ञात रहे कि पिछले दिनों जिला अस्पताल में भर्ती प्रसूता सेमली निवासी भावना पत्नी अजय पचौरी की डॉक्टर में उपचार के दौरान लापरवाही बरतने पर मौत हो गई थी।
हाथ में बैनर लेकर महिलाओं ने निकाला कैंडल मार्च
इधर, मंगलवार को पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष प्रिंस राठौर के नेतृत्व में सर्व धर्म समाज के लोगों ने लिसा टाकिज से कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च में दोषी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने के बैनर लिए बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। कैंडल मार्च शहर के प्रमुख मार्गो से होते जिला अस्पताल पहुंचा, जहां दोषी डॉक्टर के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद प्रसूता भावना पचौरी को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेता कमलेश कटारे, राहुल यादव व उनसे साथ अन्य लोग भी प्रमुख रूप से शामिल थे।
Published on:
11 Jul 2018, 1:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.