
लाल घेरे में नजर आ रहा बाइक सवार युवक।
MP Flood: मध्य प्रदेश के सिवनी में मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों को डुबो दिया। नदी-नाले उफान पर हैं। बाढ़ में डूब चुके पुल को पार करने से भी लोग परहेज नहीं कर रहे और अपनी जान आफत में डाल रहे हैं। बाइक सवार एक युवक ने भी ऐसा ही किया। लेकिन बाइक सवार ये युवक बाइक के साथ ही नदी में बह गया।
युवक पुल पर पानी के तेज बहाव के बीच से पुल के इस पार आने का प्रयास कर रहा था। पानी का तेज बहाव था। लेकिन युवक अपनी जान की परवाह किए बगैर ही आगे बढ़ता नजर आ रहा है। युवक पुल के बीच में पहुंच जाता है कि तभी अचानक बहाव तेज हो गया और बाइक समेत युवक पानी के बहाव की दिशा में बहने लगता है।
संबंधित खबरें:-
एमपी में सामने आई सिवनी जिले की ये घटना बरघाट थाना क्षेत्र के पोनर खुर्द और धपारा गांव के बीच बहने वाले नाले की है। यहां सोमवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश से नाले में पानी उफान पर था। यातायात पूरी तरह बंद था। लेकिन युवक ने जान जोखिम में डालकर पुल पार करने की कोशिश की और वह बह गया।
पुल के दोनों और छतरी लेकर लोग खड़े हुए हैं। लेकिन हालात से मजबूर लोग बाइक सवार को बहता हुआ देखते रह गए। लोगों के मुंह से सिर्फ यही निकला- ओह! वो गया, बह गया… अब गया। इतने में युवक बाइक समेत पानी की तेज धार में खो गया।
सिवनी के बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बैस ने बताया कि देर शाम हमें सूचना मिली। मौके पर जाकर तलाश की गई लेकिन युवक नहीं मिला। अंधेरा होने की वजह से बचाव अभियान रोकना पड़ा था। मंगलवार को भी युवक की तलाश जारी थी।
Updated on:
29 Oct 2024, 3:52 PM IST
Published on:
23 Jul 2024, 5:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.