19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बहुउद्देशीय परियोजना निर्धारित समय-सीमा में किए जाएंगे पूर्ण

जिले के सिंचित रकबे, संचालित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं, निर्माणाधीन स्कूल, छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय भवनों एवं सडक़ों की प्रगति का परीक्षण।

3 min read
Google source verification
patrika news

दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा

सिवनी. सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले में संचालित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

जल संसाधन विभाग की समीक्षा

बैठक की शुरुआत पूर्व दिशा समिति बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा से हुई। सांसद ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि समिति की बैठकों में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों और आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। बैठक में जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के सिंचित रकबे, संचालित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। सांसद ने हर्रई-बिजना माइक्रो सिंचाई परियोजना, गुनगुच लघु सिंचाई परियोजना सहित अन्य बहुउद्देशीय परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।

बालाघाट-सिवनी मार्ग के गड्ढ़ों की मरम्मत जल्द
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन स्कूल, छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय भवनों एवं सडक़ों की प्रगति का परीक्षण किया गया। उन्होंने सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा। ऊर्जा विभाग को मानसून पूर्व विद्युत लाइनों की मरम्मत एवं आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं एमपीआरडीसी विभाग के अधिकारियों को बालाघाट-सिवनी मार्ग के गड्ढ़ों और साइड शोल्डर की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग की समीक्षा में खरीफ सीजन की तैयारियों, खाद-बीज की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की जानकारी ली गई। सांसद ने कहा कि किसानों को खाद और बीज के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। ई-विकास प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी एवं सुगम वितरण सुनिश्चित किया जाए एवं जिले में खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए। वन विभाग की समीक्षा के दौरान इस वर्ष प्रस्तावित वृक्षारोपण कार्यक्रम और पौधों की उपलब्धता की जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं, मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर एवं एएनसी सेवाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने मानसून को देखते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों, एंटी स्नेक वेनम एवं अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया।

पेयजल से जुड़ी शिकायत का त्वरित निराकरण
बैठक में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित न हो। सांसद ने कहा कि गर्मी और मानसून के दौरान पेयजल से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।


ये रहे मौजूद
बैठक में सांसद भारती पारधी, विधायक दिनेश राय, विधायक कमल मर्सकोले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरियाए नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया सहित जनपद अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, वनमंडलाधिकारी महेंद्र सिंह उइके, वनमंडलाधिकारी गौरव मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजली शाह, अपर कलेक्टर सीएल चनाप सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।