scriptअब पेंच घूमने के लिए 25 दिन से भी कम समय बाकी | Patrika News
सिवनी

अब पेंच घूमने के लिए 25 दिन से भी कम समय बाकी

– आठ महीने में 1.35 लाख देशी, 10 हजार से ज्यादा विदेशी पर्यटकों ने घूमा पेंच

सिवनीJun 08, 2024 / 06:06 pm

sunil vanderwar

पानी के पास बैठी बाघिन - फोटो अर्पित दुबे।

पानी के पास बैठी बाघिन – फोटो अर्पित दुबे।

सिवनी. मप्र और महाराष्ट्र राज्य की सीमा पर स्थित पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी दुनिया भर के पर्यटकों की पसंद बना हुआ है। एक जुलाई से पेंच के कोर एरिया के गेट बंद हो जाएंगे, ऐसे में 25 दिन से भी कम समय होने के कारण बड़ी तादाद में देश-विदेश के पर्यटन पेंच पहुंच रहे हैं। यहां के वन्यप्राणी, प्राकृतिक वातावरण दूसरे क्षेत्र से अलग है। पूर्व में यहां सचिन तेंदुलकर, अमिताभ बच्चन, रविन्द्र जड़ेजा, कई नामी क्रिकेटर और फिल्मी हस्तियां, राजनेता आते रहे हैं। पेंच की यात्रा कर रहे सभी ने इसे अद्भुत बताते हुए फिर से आने की बात कही है।

पेंच के इन्हीं जंगल में विश्व कीर्तिमान स्थापित करने वाली बाघिन सुपर मॉम यानि कॉलर वाली ने जन्म लिया और यहीं अंतिम सांस ली। इस बाघिन के जन्में 29 शावकों से पेंच पार्क गुलजार है। उसी की संतान लंगड़ी बाघिन भी 17 शावकों को अब तक जन्म दे चुकी है। यहीं दुर्लभ काले तेंदुए की चहल-कदमी हो रही है। यहीं तेंदुआ, बायसन, नीलगाय, चीतल बड़ी संख्या में घूमते दुनिया भर के लोगों का आकर्षण बने हुए हैं।
पेड़ पर काला तेंदुआ।
पेड़ पर काला तेंदुआ।

इन दिनों पेंच टाइगर रिजर्व के कोर के साथ बफर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक जंगल सफारी करने पहुंच रहे हैं। कोर व बफर क्षेत्र में बाघ-बाघिन, तेंदुआ, बायसन, सांभर, चीतल, लंगूर और कई तरह के पक्षी पर्यटकों को नजर आ रहे हैं। एक अक्टूबर से शुरू हुए कोर एरिया में पर्यटन को नौ माह हो चुके हंै। 30 जून के बाद एक जुलाई से पीटीआर के कोर क्षेत्र में सफारी बंद हो जाएगी। ऐसे में अब पेंच के कोर क्षेत्र में पर्यटक 25 दिन ही सफारी का आनंद उठा सकेंगे। वहीं बफर क्षेत्र में साल भर पर्यटन जारी रहता है। हालांकि अधिकांश पर्यटकों की पहली पसंद कोर क्षेत्र ही होता है। यहीं बड़ी संख्या में रिसोर्ट और दूसरी सुविधाएं पर्यटकों को मिलती हैं। पीटीआर का सर्वाधिक राजस्व कोर क्षेत्र से ही मिलता है। इसी वजह से पार्क प्रबंधन भी कोर एरिया में खास ध्यान दे रहा है।

गर्मी के इन दिनों में पीटीआर के कोर और बफर क्षेत्र की बुकिंग फुल चल रही है। सुबह की शिफ्ट में अधिकतम 49 और शाम की शिफ्ट में 50 जिप्सी वाहनों का पेंच के टुरिया, रुखड़, कर्माझिरी गेट से प्रवेश हो रहा है। स्कूल-कॉलेज की छुट्टियां शुरु होने से बड़ी संख्या में पर्यटक अपने परिवार के साथ पेंच पार्क में सफारी करने पहुंच रहे हैं। पार्क के सभी रूट पर जंगल सफारी हो रही है। बाघ-बाघिन आसानी से नजर आने के कारण कोर के साथ बफर क्षेत्र में भी पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। टुरिया क्षेत्र में एल मार्क बाघ अपनी टैरीटरी में नजर आ रहा है। बीजामट्टा वाली बाघिन भी चार शावकों के साथ पर्यटकों को दिखाई दे रही है। पाटदेव वाली बाघिन भी अपने दो शावकों के साथ घूमती नजर आ जाती है। बफर क्षेत्र में की जुगनी बाघिन पिछले कुछ समय से शावकों के साथ पर्यटकों को दिखाई दे रही है। टुरिया से लेकर कर्माझिरी कोर क्षेत्र में काला तेंदुआ दिख रहा है।
पेंच में इन दिनों दुर्लभ काला तेंदुआ जिसे मोगली की कहानी में बघीरा कहा गया है, वह भी कहीं-कहीं नजर आ रहा है। इसके अलावा बाजीराव बाघ और जुगनी बाघिन भी पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हंै। लगभग हर दिन सफारी पर जाने वाले पर्यटकों को बाघ-बाघिन के दीदार हो रहे हैं। जुगनी बाघिन तो अपने चार शावकों के साथ दिखाई दे रही है। पेंच के कोर व बफर क्षेत्र में टाइगर साइटिंग बढऩे से पर्यटकों की संख्या भी बढ़ रही है। काफी पास से बाघ व शावकों को देखकर पर्यटक रोमांचित हो रहे हैं। इसके अलावा अन्य वन्यप्राणी भी पर्यटकों को रोमांचित कर रहे हैं।
पर्यटन वर्ष 2023-24 में पेंच के कोर-बफर में में आए पर्यटक

माह भारतीय विदेशी
अक्टूबर 17979 686
नवंबर 17343 1069
दिसंबर 22456 716
जनवरी 18271 1049
फरवरी 13715 1896
मार्च 17198 2514
अप्रैल 12782 1372
मई 13500 1200
कुल योग 135481 10568

इनका कहना है –
पेंच टाइगर रिजर्व के कोर और बफर क्षेत्र में पर्यटन वर्ष 2023-24 में उम्मीद के मुताबिक अच्छी संख्या में भारतीय व विदेशी पर्यटक पहुंच रहे हैं। इन्हें जंगल सफारी के दौरान प्राकृतिक वातावरण और वन्य प्राणी देखकर पर्यटक उत्साहित होते हैं। पर्यटकों की संख्या बढऩे से पेंच का राजस्व भी बढ़ रहा है।
रजनीश सिंह, डिप्टी डायरेक्टर पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी

Hindi News/ Seoni / अब पेंच घूमने के लिए 25 दिन से भी कम समय बाकी

ट्रेंडिंग वीडियो