8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इस डिजिटल सर्टिफिकेट के लिए परेशान 30 हजार छात्र-छात्राएं

प्राचार्य व लोक सेवा केन्द्र की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे छात्र

2 min read
Google source verification
shahdol

इस डिजिटल सर्टिफिकेट के लिए परेशान 30 हजार छात्र-छात्राएं

शहडोल। जिले के अलग-अलग विद्यालयों में अध्ययनरत 30 हजार से भी अधिक छात्र जाति प्रमाण पत्र के लिए परेशान है। शासन के निर्देशानुसार अजा, अजजा व पिछड़ा वर्ग के छात्रों का डिजिटल जाति प्रमाण पत्र विद्यालय प्रबंधन द्वारा बनवाया जाना है। जिसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डिजिटल जाति प्रमाण पत्र को लेकर पूरा का पूरा शिक्षा विभाग परेशान है। इसके बाद भी प्राचार्य व लोक सेवा केन्द्र के ढुल-मुल रवैये के चलते छात्रों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। शिक्षा सत्र प्रारंभ होने से लेकर अभी तक शिक्षा विभाग की जितनी भी बैठकें आयोजित हुई है उसमें जाति प्रमाण पत्र अहम मुद्दा रहा है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कई बार विद्यालय प्रबंधनों को कई बार नोटिस भी जारी की गई। इतना कुछ होने के बाद भी जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने का जो ग्राफ है वह फिसड्डी है।
चार ब्लाक सबसे कमजोर
जाति प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में आदिवासी विकास विभाग अंतर्गत आने वाले चारों ब्लाक सोहागपुर, जयसिंहनगर, बुढ़ार व गोहपारू को सबसे कमजोर माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि जाति प्रमाण पत्र को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बैठकें आयोजित कर निर्देश दिए जा रहे हैं साथ ही पत्राचार भी किए जा रहे हैं लेकिन शिक्षा विभाग के अधीन न होने की वजह उक्त चारो ब्लाकों में संचालित विद्यालयों के प्रबंधन द्वारा शिक्षा अधिकारी के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। वहीं कहीं न कहीं लोक सेवा केन्द्र भी सेवा देने में गंभीर नही है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आयोजित बैठकों में कई प्राचार्यों द्वारा यह बात सामने रखी गई है कि उनके द्वारा जाति प्रमाण पत्र के लिए लोक सेवा केन्द्र में आवेदन तो दिया गया है लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी जाति प्रमाण पत्र नहीं मिल पाया है।
डीईओ ने लिखा पत्र
जिला शिक्षा अधिकारी उमेश धुर्वे द्वारा हाल ही में सभी संकुल प्राचार्यों को पत्र जारी किया गया है। जिसमें अन्य जानकारियों के साथ ही संकुल अंतर्गत अजा, अजजा एवं पिछड़ा वर्ग के छात्रों को वितरित किए गए जाति प्रमाण पत्र के संबंध में विधिवत जानकारी चाही गई है। जिसमें कुल प्राप्त आवेदन, लोक सेवा केन्द्र को भेजे गए आवेदन, अब तक प्राप्त जाति प्रमाण पत्र, लोक सेवा केन्द्र में शेष बचे प्रमाण पत्र, छात्रों को वितरित किए गए व अवितरित जाति प्रमाण पत्रों की पूरी जानकारी चाही गई है।